दिल्ली की जहरीली हवा से अभी नहीं मिलेगी राहत, बारिश की उम्मीद खत्म; क्लाउड सीडिंग का प्लान भी अटका
दिल्ली में प्रदूषण से राहत के लिए फिलहाल बारिश की कोई उम्मीद नहीं है, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने वर्षा ...और पढ़ें
-1793869325396-1794465307233_m.webp)
कृत्रिम वर्षा की योजना को भी झटका लगा। AI जनरेटेड इमेज
HighLights
दिल्ली में बारिश की संभावना भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने खारिज की।
पश्चिमी विक्षोभ से बादल छाएंगे, पर कृत्रिम वर्षा के अनुकूल नहीं।
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र, पर दिशा अनिश्चित।
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। प्रदूषण की मार झेल रही दिल्ली के लोगों को फिलहाल मौसम से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। जहरीली हवा से निजात दिलाने वाली वर्षा की संभावना को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने खारिज कर दिया है।
मौसम विभाग के महानिदेशक डॉ मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 12 और 13 नवंबर को दिल्ली और आसपास के इलाकों में बादल तो छाए रहेंगे, लेकिन वर्षा होने की संभावना नहीं है। इससे प्रदूषण कम करने के लिए आईआईटी कानपुर और दिल्ली सरकार की ओर से प्रस्तावित कृत्रिम वर्षा की योजना को भी झटका लगा है।
डॉ. महापात्र ने बताया कि मौजूदा मौसम में मुख्य रूप से मध्यम और ऊंचाई वाले बादल बनने की संभावना है। ये बादल कृत्रिम वर्षा के लिए अनुकूल नहीं हैं।
उन्होंने कहा, ''बादल मुख्य रूप से मध्यम और ऊंचाई वाले होंगे। ये संवहनीय (कन्वेक्टिव) बादल नहीं हैं। इसलिए कृत्रिम वर्षा से मिलने वाला परिणाम कम रहेगा।''
दरअसल, कृत्रिम वर्षा कराने के लिए केवल बादलों का मौजूद होना पर्याप्त नहीं है। इसके लिए बादलों की संरचना, उनमें नमी की मात्रा और वायुमंडलीय परिस्थितियों का अनुकूल होना भी जरूरी है।
संवहनीय बादलों में ऊर्ध्वाधर गति और नमी की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। मौजूदा परिस्थितियों में ऐसे बादल बनने की संभावना कम है। ऐसे में क्लाउड सीडिंग का प्रयोग किया भी जाता है तो उससे अपेक्षित मात्रा में वर्षा होने की उम्मीद कम है।
मैदानी इलाकों में सूखे रहेंगे बादल
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में वर्षा और बर्फबारी हो सकती है। उत्तरी पंजाब के कुछ हिस्सों में छिटपुट वर्षा की संभावना भी है, लेकिन दिल्ली समेत उत्तर भारत के प्रदूषण प्रभावित मैदानी इलाकों में अच्छी वर्षा के आसार नहीं हैं।
महापात्र के अनुसार, दिल्ली में 12 और 13 नवंबर को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण वातावरण में नमी बढ़ेगी, लेकिन इतनी वर्षा नहीं होगी कि हवा में जमा प्रदूषकों को साफ किया जा सके। उन्होंने आगाह किया कि वर्षा के बिना बादलों और नमी की मौजूदगी कई बार प्रदूषण की स्थिति को और प्रतिकूल बना सकती है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र जगा सकता है उम्मीद
मौसम विभाग की नजर बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे एक अन्य मौसमी तंत्र पर भी है। विभाग के अनुसार, 15 या 16 नवंबर के आसपास वहां गहरा अवदाब बनने की संभावना है, जो आगे चलकर चक्रवाती तूफान का रूप भी ले सकता है। हालांकि, अभी इसके रास्ते को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसके आंध्र प्रदेश या बांग्लादेश की ओर बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
महापात्र के मुताबिक, यदि यह तंत्र बांग्लादेश की ओर बढ़ता है और उत्तर की तरफ अधिक प्रभाव डालता है तो उत्तर-पश्चिम भारत और गंगा के मैदानी इलाकों में उत्तर-पश्चिमी हवाएं तेज हो सकती हैं। इससे प्रदूषकों को वातावरण में फैलने में मदद मिल सकती है। हालांकि, यह पूरी तरह इस मौसमी तंत्र की दिशा और उसके आगे के विकास पर निर्भर करेगा।
हवाओं की रफ्तार भी नहीं देगी साथ
फिलहाल उत्तर भारत में हवाएं शांत या बहुत धीमी रहने का अनुमान है। इससे प्रदूषकों के बिखरने की संभावना कम रहेगी। मौसम विभाग के महानिदेशक ने भी कहा कि मौजूदा हवाएं प्रदूषकों को फैलाने में मददगार नहीं होंगी। ऐसे में दिल्ली को वर्षा और तेज हवाओं, दोनों तरह की मौसमी राहत का इंतजार करना पड़ सकता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।