6G की ओर भारत का मजबूत कदम... IIIT दिल्ली का रीकॉन्फिगरेबल इंटेलिजेंट सरफेस सिस्टम पेटेंटेड
आइआइआइटी-दिल्ली ने 6जी तकनीक की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अपने अभिनव "स्मार्ट रेडियो सिस्टम" के लिए भारतीय पेटेंट कार्यालय से पेटेंट प्राप्त किया है।
-1774012587741_m.webp)
6G की ओर भारत का मजबूत कदम। इमेज एआई जेनरेटेड
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। 6जी तकनीक की दिशा में भारत की बढ़ती सक्रियता के बीच इंद्रप्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान दिल्ली (आइआइआइटी-दिल्ली) ने वायरलेस संचार के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। संस्थान को अपने अभिनव “स्मार्ट रेडियो सिस्टम” के लिए भारतीय पेटेंट कार्यालय से पेटेंट प्राप्त हुआ है, जो भविष्य की उन्नत संचार तकनीकों के विकास में मील का पत्थर माना जा रहा है।
होंगे ये फायदे
वायरलेस संचार के लिए रीकान्फिगरेबल इंटेलिजेंट सतह वाला सिस्टम और उसके संचालन की विधि’ शीर्षक वाली इस तकनीक में अत्याधुनिक रीकान्फिगरेबल इंटेलिजेंट सरफेसेज (आरआइएस) आधारित फ्रेमवर्क का उपयोग किया गया है। यह प्रणाली खास तौर पर जटिल परिस्थितियों—जैसे नॉन-लाइन-ऑफ-साइट (एनएलओएस) वातावरण में भी मजबूत और भरोसेमंद संचार सुनिश्चित करने में सक्षम है।
इस स्मार्ट रेडियो सिस्टम की सबसे बड़ी विशेषता इसकी लचीली बीमफार्मिंग क्षमता है, जो नेटवर्क कवरेज और डेटा ट्रांसमिशन की दक्षता को कई गुना बढ़ा सकती है। इसका प्रोटोटाइप न केवल सैद्धांतिक स्तर पर बल्कि व्यावहारिक रूप में भी सफलतापूर्वक प्रदर्शित किया जा चुका है, जिससे इसकी उपयोगिता पर मुहर लगती है।
इस तकनीक का प्रदर्शन इंडियन मोबाइल कांग्रेस में किया गया, जहां विशेषज्ञों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने इसकी सराहना की। इस उपलब्धि के पीछे डॉ. देबिदास कुंडू, खगेन्द्र जोशी, दीपक कुमार साहू और प्रो. विवेक अशोक बोहरा की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
प्रो. बोहरा के अनुसार, यह पेटेंट केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि 6जी और उससे आगे की पीढ़ी के नेटवर्क के लिए मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि यह नवाचार शोध को वास्तविक समाधान में बदलने की दिशा में अहम कदम है। यह उपलब्धि न केवल संस्थान की शोध क्षमता को दर्शाती है, बल्कि भारत को वैश्विक 6जी दौड़ में प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में भी एक सशक्त संकेत है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।