विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भाप और डीजल के बाद अब PNG का दौर, किचन और लॉन्ड्री में नहीं दिखेंगे LPG सिलेंडर; रोजाना बचेगा 2500 लीटर डीजल

Published: Sat, 31 Oct 2026 01:22 PM (GMT+05:30)

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) और उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. IGL और उत्तर रेलवे के बीच स्वच्छ ऊर्जा समझौता।

  2. दिल्ली के 22 रेलवे परिसरों में पीएनजी आपूर्ति होगी।

  3. प्रतिदिन 2500 लीटर डीजल, 500 किलो एलपीजी की बचत।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। देश में स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए देश की अग्रणी शहरी गैस वितरक (सीजीडी) कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आइजीएल) और उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के बीच शनिवार को एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एएमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

इस साझेदारी के तहत आइजीएल के अधिकृत भौगोलिक क्षेत्रों में स्थित रेलवे के विभिन्न व्यावसायिक व संस्थागत परिसरों में वाणिज्यिक पाइप आधारित प्राकृतिक गैस (पीएनजी) की आपूर्ति की जाएगी।

केंद्र सरकार के 'नेशनल पीएनजी ड्राइव 3.0' के उद्देश्यों के अनुरूप यह अपनी तरह की पहली अनूठी पहल है, जिसका लक्ष्य पारंपरिक ईंधन पर निर्भरता कम कर पर्यावरण अनुकूल प्राकृतिक गैस के नेटवर्क को विस्तार देना है।

First Phase में 22 रेलवे परिसर चिन्हित

इस समझौते के प्रथम चरण के तहत दिल्ली, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर के 22 चिन्हित रेलवे परिसरों में वाणिज्यिक पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी।

इनमें दिल्ली सराय रोहिल्ला, पुरानी दिल्ली, आनंद विहार टर्मिनल, हजरत निजामुद्दीन और नई दिल्ली स्थित डिपार्टमेंटल मैकेनाइज्ड लांड्री (जहां बायलर संचालन के लिए पीएनजी का उपयोग होगा) मुख्य रूप से शामिल हैं। इसके अतिरिक्त अधिकारी विश्राम गृह, बेस किचन, रनिंग रूम, अधीनस्थ विश्राम गृह और गार्ड/टीटीई लाबी में भी पीएनजी की आपूर्ति की जाएगी।

शुरुआती चरण में प्रतिदिन लगभग 3,000 मानक घन मीटर (एससीएमडी) पीएनजी की खपत का अनुमान है। इससे रेलवे में दैनिक स्तर पर होने वाले लगभग 500 किलोग्राम एलपीजी और 2,500 लीटर डीजल की खपत का विस्थापन होगा।

आगामी वर्षों में इन क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क होगा विकसित

आगामी वर्षों में अजमेर, बांदा, रेवाड़ी और मुजफ्फरनगर जैसे आइजीएल के अन्य अधिकृत क्षेत्रों में पीएनजी नेटवर्क के विस्तार के साथ यह मांग बढ़कर आठ हजार से 10 हजार एससीएमडी तक पहुंचने की उम्मीद है।

समझौता ज्ञापन पर उत्तर रेलवे (दिल्ली मंडल) के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) पुष्पेश रमन त्रिपाठी, आइजीएल के अध्यक्ष शुभांकर सेन, प्रबंध निदेशक कुमार शंकर और निदेशक (वाणिज्यिक) मोहित भाटिया सहित दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।

यह समझौता उत्तर रेलवे के परिचालन लागत (ऊर्जा खर्च) में भारी कटौती करने में मददगार साबित होगा। भविष्य में हमारी योजना इस कनेक्टिविटी को रेलवे अस्पतालों और आवासीय कालोनियों तक विस्तारित करने की है। यह पहल 'आत्मनिर्भर भारत' के सपने को साकार करने की दिशा में एक अहम कदम है।

पुष्पेश रमन त्रिपाठी, डीआरएम, दिल्ली मंडल (उत्तर रेलवे)

यह साझेदारी राष्ट्र निर्माण में जुटी दो बड़ी संस्थाओं को एक साथ लाती है। एलपीजी की जगह पीएनजी को अपनाकर भारतीय रेलवे न केवल अपनी ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करेगा, बल्कि इससे देश पर आयात निर्भरता और सब्सिडी का बोझ भी कम होगा। यह माडल पूरे भारतीय रेलवे नेटवर्क में लागू हो सकेगा।
-शुभांकर सेन, अध्यक्ष, आईजीएल

विशाल वित्तीय व राजस्व बचत

एलपीजी और विशेष रूप से महंगे डीजल के स्थान पर पाइपलाइन प्राकृतिक गैस के उपयोग से भारतीय रेलवे के दैनिक ऊर्जा बिल में भारी कमी आएगी। दीर्घकालिक रूप से इससे रेलवे के परिचालन बजट में बड़ी बचत होगी।

पर्यावरण संरक्षण और कार्बन उत्सर्जन में कमी

डीजल दहन से होने वाले विषैले धुएं और कार्बन उत्सर्जन पर रोक लगेगी। स्वच्छ ईंधन पीएनजी के प्रयोग से दिल्ली-एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता में सुधार आएगा।

राष्ट्रीय आयात निर्भरता और सब्सिडी में राहत

एलपीजी की जगह स्वदेशी पाइपलाइन आधारित पीएनजी का इस्तेमाल बढ़ने से देश के कच्चे तेल/एलपीजी आयात बिल में कमी आएगी और सरकार पर ईंधन सब्सिडी का वित्तीय दबाव घटेगा।

परिचालन सुगमता और आपूर्ति की विश्वसनीयता

सिलेंडरों के बार-बार रिफिलिंग, परिवहन, भंडारण और ईंधन प्रबंधन की झंझटों से मुक्ति मिलेगी। पीएनजी के माध्यम से 24x7 निरंतर, सुरक्षित और लागत-प्रभावी ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित होगी।

भविष्य के लिए मार्गदर्शक मांडल

यह पहल भविष्य में पूरे देश के रेलवे नेटवर्क (अस्पतालों, कालोनियों और वर्कशाप्स) में स्वच्छ ईंधन के शत-प्रतिशत कार्यान्वयन के लिए एक मानक स्थापित करती है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन शुरू, प्रयागराज-कानपुर होते हुए पहुंचेगी काशी; PM मोदी बोले- ऐतिहासिक दिन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।