दिल्ली एयरपोर्ट पर पुलिसकर्मी को कार से रौंदा, बैरिकेड तोड़कर फरार हुआ ड्राइवर; हेड कांस्टेबल का पैर टूटा
आइजीआइ एयरपोर्ट पर अस्थायी नंबर प्लेट वाली कार की जांच कर रहे हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार को ड्राइवर ने टक्कर ...और पढ़ें

दिल्ली एयरपोर्ट के पास कॉस्टेबल का कार ड्राइवर ने मारी टक्कर। फोटो: एआई जनरेटेड
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 के पास मंगलवार तड़के अस्थायी नंबर प्लेट लगी सफेद होंडा कार की जांच कर रहे ट्रैफिक पुलिस के हेड कॉन्सटेबल को ड्राइवर ने टक्कर मार दी।
इसके बाद कार का पहिया पुलिसकर्मी के पैर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। ड्राइवर बैरिकेड तोड़कर मौके से फरार हो गया। घायल हेड कॉन्सटेबल को इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर में भर्ती कराया गया है।
आईजीआई एयरपोर्ट थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है। घटना 27 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे की है। हेड कॉन्सटेबल लोकेश कुमार (39) अपने साथियों के साथ टर्मिनल-3 के डिपार्चर फ्लाईओवर के पास ड्यूटी पर तैनात थे।
दस्तावेजों की जांच के दौरान ड्राइवर ने बढ़ाई रफ्तार
पुलिस के मुताबिक, बहुस्तरीय पार्किंग की ओर जाने वाली सड़क पर एक सफेद रंग की होंडा कार यातायात में बाधा उत्पन्न कर रही थी। कार पर अस्थायी (टेंपररी) पंजीकरण नंबर प्लेट लगी हुई थी।
पुलिसकर्मियों ने दस्तावेजों की जांच के लिए कार को पार्किंग टोल प्लाजा के पास बने बैरिकेड के पास रुकवाया। पुलिसकर्मी कार के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे, तभी ड्राइवर ने अचानक गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी।
पुलिसकर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर बैरिकेड तोड़ते हुए आगे बढ़ा और हेड कॉन्सटेबल लोकेश कुमार को टक्कर मार दी।
इससे लोकेश जमीन पर गिर गए और कार का पहिया उनके पैर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनका पैर फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
फरार ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस
घायल हेड कॉन्सटेबल को तत्काल इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर ले जाया गया। सूचना मिलने पर आईजीआई एयरपोर्ट थाने के एसआई मदन लाल मौके पर पहुंचे।
बाद में उन्होंने अस्पताल जाकर घायल पुलिसकर्मी की मेडिकल-कानूनी रिपोर्ट (एमएलआर) प्राप्त की और उनका बयान दर्ज किया। पुलिस ने मामले में बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस फरार ड्राइवर की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के प्रयास कर रही है।
