विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आतंकी हमले की आशंका के बीच IGI एयरपोर्ट के पास ड्रोन और लेजर लाइट पर प्रतिबंध, दिल्ली पुलिस ने जारी किया आदेश

By Mukesh ThakurEdited By: Shanu Sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 09:47 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने आइजीआइ एयरपोर्ट के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर 60 दिनों का प्रतिबंध लगाया है।

आइजीआइ एयरपोर्ट के पास लेजर लाइट पर प्रतिबंध। फोटो-जागरण आर्काइव

आइजीआइ एयरपोर्ट के पास लेजर लाइट पर प्रतिबंध। फोटो-जागरण आर्काइव

HighLights

  1. आइजीआइ एयरपोर्ट पर 60 दिन का ड्रोन प्रतिबंध।

  2. आतंकी हमले के खतरे के कारण लिया गया फैसला।

  3. लेजर बीम के उपयोग पर भी लगाई गई रोक।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। आइजीआइ एयरपोर्ट को निशाना बनाने के लिए आतंकी ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर और एयरो-मॉडल जैसे मानवरहित विमान प्रणालियों (यूएएस) का इस्तेमाल कर हमला करने की योजना बना सकते हैं। इस संबंध में विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर लगातार रिपोर्ट मिलने के बाद दिल्ली पुलिस ने एहतियाती कार्रवाई की है।

एयरपोर्ट की सुरक्षा और विमानों के सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए पालम सब-डिवीजन क्षेत्र में सभी तरह की मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर 60 दिन के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया है।

कब तक लागू रहेगा प्रतिबंध?

पालम सब-डिवीजन के सहायक पुलिस आयुक्त प्रदीप कुमार मीणा की ओर से 17 नवंबर को जारी आदेश के अनुसार, यह प्रतिबंध 18 नवंबर से प्रभावी हो गया है और 16 जनवरी 2027 तक लागू रहेगा।

आदेश में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हैंग-ग्लाइडर, यूएवी और एयरो-माडल समेत सभी तरह की मानवरहित विमान प्रणालियों के संचालन पर रोक लगाई गई है।

हवाई हमला का योजना

आदेश में कहा गया है कि विश्वसनीय सूचनाएं मिली हैं कि आतंकी इन उपकरणों का इस्तेमाल कर हवाई हमला करने की योजना बना रहे हैं। आम लोगों की ओर से भी इनका अनधिकृत संचालन विमानन सुरक्षा के लिए खतरनाक हो सकता है। इससे आतंकी हमले का खतरा भी पैदा हो सकता है।

सरकारी और सार्वजनिक संपत्ति के साथ आम लोगों की जान की सुरक्षा को गंभीर विषय बताते हुए पुलिस ने यह कदम उठाया है। आदेश बीएनएसएस के तहत जारी किया गया है। इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पायलटों को लैंडिंग में हो रही थी समस्या

वहीं, एयरपोर्ट के आसपास शादी समारोहों, पार्टियों और अन्य आयोजनों में लेजर बीम के इस्तेमाल पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। यह कदम एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से मिली शिकायतों के बाद उठाया गया है।

एटीसी को पायलटों की ओर से लैंडिंग के दौरान लेजर लाइट आंखों पर पड़ने और ध्यान भटकने की कई घटनाओं की जानकारी मिली थी। तेज रोशनी से पायलटों की दृष्टि प्रभावित होने पर विमान का सुरक्षित संचालन मुश्किल हो सकता है।

शादी-पार्टी में लेजर शो पर भी रोक

एयरपोर्ट के आसपास कई फार्महाउस, बैंक्वेट हाल, होटल और रेस्तरां हैं, जहां शादी समारोहों और पार्टियों में लेजर बीम का इस्तेमाल किया जाता है। इस प्रतिबंध के दायरे में इन आयोजन स्थलों के संचालक, मालिक, कर्मचारी और आयोजक आएंगे।

ड्रोन और अन्य मानवरहित विमान प्रणालियों पर प्रतिबंध पूरे पालम सब-डिवीजन क्षेत्र में लागू रहेगा। दोनों प्रतिबंध 16 जनवरी 2027 तक प्रभावी रहेंगे।

दिल्ली पुलिस समय-समय पर जारी करती रही है ऐसे आदेश

2015: आइजीआइ एयरपोर्ट के आसपास लेजर बीम के इस्तेमाल पर प्रतिबंध का आदेश जारी हुआ।

2022: 10 अगस्त को ड्रोन और लेजर बीम, दोनों पर अलग-अलग प्रतिबंध लगाए गए।

2022: 8 अक्टूबर को यूएएस और लेजर बीम पर दोबारा प्रतिबंध का आदेश जारी हुआ।

2023: 27 जून को पालम सब-डिवीजन के लिए धारा 144 के तहत आदेश जारी हुआ।

2024: 31 जुलाई को ड्रोन और लेजर बीम पर प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी हुआ।

2025: 27 मई को दोनों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया गया।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में हर महीने देना पड़ सकता है कचरा यूजर चार्ज, MCD का नया प्लान तैयार; जानें कितना पैसा देना पड़ेगा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।