दिल्ली में नमो भारत स्टेशन के ऊपर बनेगा होटल, दफ्तर और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स; NCRTC ने शुरू की तैयारी
सराय काले खां नमो भारत स्टेशन अब 21,063 वर्गमीटर क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा, जिसमें होटल, कार्यालय और दुकानें शामिल होंगी।

नमो भारत का सराय काले खां स्टेशन। सौजन्य : एनसीआरटीसी
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सराय काले खां नमो भारत स्टेशन अब सिर्फ परिवहन केंद्र ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक गतिविधियों का भी बड़ा केंद्र बनने जा रहा है।
स्टेशन के ऊपर 21,063 वर्गमीटर क्षेत्र में होटल, कार्यालय, रेस्टोरेंट, खुदरा दुकानें और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान विकसित करने की योजना है। इसके लिए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने निविदाएं आमंत्रित की हैं।
परियोजना को एयर-राइट्स डेवलपमेंट मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इसके तहत पहले से बने स्टेशन और परिवहन ढांचे के ऊपर उपलब्ध जगह का व्यावसायिक उपयोग किया जाता है।
विकसित होंगी व्यावसायिक सुविधाएं
NCRTC के मुताबिक, यहां होटल, को-वर्किंग स्पेस, कार्यालय, रेस्टोरेंट और शॉपिंग आउटलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जा सकेंगी।
इससे यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही खरीदारी, खानपान, कारोबार और रोजमर्रा की जरूरतों से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी। यह किसी अलग व्यावसायिक परिसर की तरह नहीं, बल्कि स्टेशन के ऊंचे ढांचे के साथ एकीकृत विकास होगा।
कई परिवहन साधनों से जुड़ा है स्टेशन
सराय काले खां स्टेशन दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर के सबसे व्यस्त स्टेशनों में शामिल है। फरवरी से परिचालन शुरू होने के बाद यह कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन बना हुआ है।
यहां से गाजियाबाद, नोएडा और फरीदाबाद के साथ दिल्ली के मध्य हिस्से की कनेक्टिविटी मिलती है।
स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और वीर हकीकत राय अंतरराज्यीय बस अड्डे (आईएसबीटी) से भी आवागमन की सुविधा है।
भविष्य के कॉरिडोर से भी बढ़ेगी कनेक्टिविटी
रिंग रोड, डीएनडी फ्लाईवे और दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जुड़ाव के कारण भी यह स्थान व्यावसायिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण है।
NCRTC के अनुसार, भविष्य में प्रस्तावित दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ और दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर के लिए भी सराय काले खां शुरुआती स्टेशन होगा। इससे यहां यात्रियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
हरित सुविधाओं पर भी रहेगा जोर
यमुना नदी कॉरिडोर के नजदीक स्थित इस परियोजना में नवीकरणीय ऊर्जा प्रणालियों और वर्षा जल संचयन जैसी हरित सुविधाएं शामिल करने की योजना है।
NCRTC का कहना है कि विकास दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 के अनुरूप किया जाएगा।
इस परियोजना से स्टेशन के ऊपर उपलब्ध जगह का व्यावसायिक इस्तेमाल होने के साथ यात्रियों को एक ही परिसर में परिवहन, खरीदारी, खानपान और अन्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में कड़कड़डूमा मेट्रो स्टेशन में टहल रही गाय, यात्रियों की सुरक्षा और रखरखाव के दावों की खुली पोल