विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फॉर्च्यूनर कार की सिक्योरिटी फीचर पर सवाल, काली क्रेटा से आए चोर; थाने से 300 मीटर दूर खड़ी कार पलभर में चोरी

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:30 PM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र से चोरों ने एक हाईटेक फॉर्च्यूनर एसयूवी चुरा ली, जो थाने से मात्र ...और पढ़ें

बृहस्पतिवार को राजौरी गार्डन थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर चोर हाईटेक फाॅर्च्यूनर एसयूवी चोरी कर ले गए।

बृहस्पतिवार को राजौरी गार्डन थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर चोर हाईटेक फाॅर्च्यूनर एसयूवी चोरी कर ले गए।

HighLights

  1. राजौरी गार्डन थाने के पास से हाईटेक फॉर्च्यूनर एसयूवी चोरी।

  2. काली क्रेटा कार सवार चोरों ने कुछ ही मिनटों में वारदात की।

  3. सीसीटीवी में कैद होने पर भी पुलिस आरोपियों तक नहीं पहुंची।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी जिले में वाहन चोरों के हौसले बुलंद हैं। इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि बृहस्पतिवार को राजौरी गार्डन थाना से महज 300 मीटर की दूरी पर चोर हाईटेक फाॅर्च्यूनर एसयूवी चोरी कर ले गए। यह आलम उस गाड़ी का है तो सुरक्षा की दृष्टि से काफी मजबूत बताई जाती है। 

चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया

जानकारी के अनुसार, आरोपित काली क्रेटा कार से पहुंचे थे और कुछ ही मिनट में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बावजूद 24 घंटे से अधिक समय बीतने पर भी पुलिस आरोपितों तक नहीं पहुंच सकी है।

हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर फार्च्यूनर चोरी की गई, वहां से मात्र 300 मीटर की दूरी पर राजौरी गार्डन थाना और करीब 600 मीटर की दूरी पर पश्चिमी जिला स्पेशल स्टाफ का कार्यालय है। इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया।

सीसीटीवी में दर्ज हो गई पूरी चोरी

इससे इलाके में वाहन चोरी की घटनाओं पर पुलिस की निगरानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में काली क्रेटा कार से कुछ लोग मौके पर पहुंचते दिखाई दे रहे हैं।

आरोपितों ने फार्च्यूनर को निशाना बनाया और हाईटेक तरीके से उसका लाक खोलने के बाद उसे लेकर फरार हो गए। वारदात इतनी तेजी से हुई कि आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। चोरी के बाद आरोपित क्रेटा कार से मौके से निकल गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज को जांच में शामिल किया है। आसपास के मार्गों पर लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान के साथ उनके आने और जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। पुलिस चोरी हुई फार्च्यूनर की तलाश के लिए भी संभावित रास्तों और अन्य स्थानों की जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के रानी बाग में नकदी-लैपटॉप चोरी चोरी का पर्दाफाश, पूर्व कर्मचारी और टाटा ऐस ड्राइवर समेत तीन गिरफ्तार