एक्स पर पोस्ट के बाद गुरुग्राम पुलिस का एक्शन, उबर कैब में महिला से गुंडागर्दी करने वाला ड्राइवर गिरफ्तार
गुरुग्राम पुलिस ने उबर कैब चालक को एक महिला से अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने के आरोप ...और पढ़ें

महिला से बदसलूकी करने वाला उबर ड्राइवर गिरफ्तार। फोटो: आर्काइव
HighLights
महिला से अभद्रता और धमकी देने वाला उबर चालक गिरफ्तार।
पुलिस ने एक्स पोस्ट के आधार पर त्वरित कार्रवाई की।
आरोपी यासिर फर्जी आईडी से चला रहा था कैब।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। उबर कैब में महिला से अभद्रता करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोपी चालक को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
महिला की ओर से एक्स पर की गई पोस्ट के आधार पर पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए प्राथमिकी दर्ज की और तकनीकी जांच के जरिए आरोपी की पहचान कर कुछ ही घंटों में उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान नूंह जिले के घासेड़ा गांव निवासी यासिर (26) पुत्र इलियास के रूप में हुई है।
बिल से अधिक पैसे मांगने पर हुआ विवाद
महिला ने एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया था कि उबर चालक ने उससे निर्धारित बिल से अधिक पैसे मांगे। अतिरिक्त रकम देने से मना करने पर चालक ने उसके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी।
गुरुग्राम पुलिस की इंटरनेट मीडिया निगरानी के दौरान पोस्ट सामने आने पर पुलिस ने महिला से संपर्क करने का प्रयास किया। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
दूसरे नाम से बनाई थी उबर पर आईडी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने उबर प्लेटफॉर्म पर अपनी आईडी जमील जाहिद खान के नाम से बनाई हुई थी। थाना पालम विहार और क्राइम ब्रांच सेक्टर-39 की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। दूसरे नाम से आईडी बनाने के कारणों सहित मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें- एयरपोर्ट से लौट रही महिला इंजीनियर से उबर ड्राइवर की गुंडागर्दी, मांगा दोगुना किराया; विरोध पर लॉक कर दी कार
