'गिरफ्तारी काफी नहीं, सख्त सजा मिले', गुरुग्राम हिट एंड रन के आरोपी कल्याण बैंसला पर बोलीं राइडर सिया
गुरुग्राम रोड रेज मामले में आरोपी कल्याण बैंसला और लवनीश बैंसला की गिरफ्तारी के बावजूद बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया संतुष्ट नहीं हैं।

बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया। फोटो: जागरण
HighLights
सिया आरोपियों की गिरफ्तारी से संतुष्ट नहीं, चाहती हैं सजा
कार में मौजूद अन्य दो लोगों की भी गिरफ्तारी की मांग
वकील ने आरोपियों की जमानत का विरोध करने की बात कही
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/गुरुग्राम। गोल्फ कोर्स रोड पर कार से टक्कर मारने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला और उसके चचेरे भाई लवनीश बैंसला की गिरफ्तारी के बाद भी बाइक राइडर शिवानी चौहान उर्फ सिया संतुष्ट नहीं हैं।
मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराने और मेडिको-लीगल जांच (एमएलसी) कराने के बाद दिल्ली के कालकाजी स्थित घर पहुंचीं सिया ने कहा कि केवल गिरफ्तारी काफी नहीं है, आरोपितों को सजा मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे मामले होते रहेंगे।
सिया ने कहा कि एफआईआर में हत्या के प्रयास की धारा जोड़ने और दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बावजूद वह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी आज हुई है, लेकिन अगर आरोपितों को बाद में जमानत मिल गई तो क्या होगा। सिया ने कहा कि कार में कल्याण के अलावा दो और लोग मौजूद थे। उनकी भी गिरफ्तारी और सजा की मांग की।
मजिस्ट्रेट को बताया पूरा घटनाक्रम
सिया ने कहा कि उन्होंने मजिस्ट्रेट के सामने अपने बयान में पूरा घटनाक्रम बताया है। उन्होंने बताया कि किस तरह कार ने उन्हें टक्कर मारी और यह घटना उनकी जान के लिए खतरा बन सकती थी।
उन्होंने सख्त कार्रवाई की मांग की है। सिया के अनुसार, एमएलसी के अलावा कुछ चोटों के लिए एक्स-रे जांच भी जरूरी है, जो बुधवार को कराई जाएगी।
वकील बोले, जमानत का करेंगे विरोध
सिया के वकील अभिषेक चौहान ने कहा कि अगर आरोपित जमानत लेने की कोशिश करते हैं तो वह इसका विरोध करेंगे। उनका कहना है कि पूरी जांच होने तक दोनों को रिहा नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस के अनुसार, कल्याण बैंसला और लवनीश गुरजर को मंगलवार को राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार किया गया। दोनों घटना के बाद राजस्थान चले गए थे।
सिया बोलीं, बयानों से फर्क नहीं पड़ता
कल्याण बैंसला के समर्थकों की ओर से सिया पर घटना को गलत तरीके से पेश करने और इंटरनेट मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के आरोपों पर उन्होंने कहा कि इन बातों से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
सिया ने यह भी बताया कि उन्होंने 2022 में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में दिल्ली नगर निगम का चुनाव लड़ा था और इसी वजह से काफी लोग उन्हें जानते हैं।
रविवार को बाइक को मारी थी टक्कर
रविवार सुबह सिया गोल्फ कोर्स रोड पर अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक से जा रही थीं। इसी दौरान Maruti Suzuki Ciaz ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। उनके और उनके साथ चल रहे अन्य बाइक सवारों के कैमरों में घटना रिकॉर्ड हुई थी।
सिया ने आरोप लगाया था कि कार में सवार लोग नशे में थे और उन्हें बार-बार परेशान कर रहे थे। उनकी शिकायत के अनुसार, कार सवार उन्हें रोकने की कोशिश कर रहे थे और उनके आगे निकलने के बाद अचानक कार ने रास्ता काटकर बाइक को टक्कर मार दी।
सिया का दावा है कि उनकी बाइक करीब 300 मीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पीछे चल रहे उनके दोस्तों ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम रोडरेज पर बाइक राइडर्स बोलीं- सड़क पर हर पल सताता है डर; NCR में 5000 से ज्यादा महिला बाइकर्स दहशत में
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम रोडरेज से महिला बाइकर्स में दहशत, सुरक्षित मोबिलिटी और वुमन फ्रेंडली सड़कों पर सवाल
