विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'रुकने का इशारा कर मारी टक्कर', गुरुग्राम हिट एंड रन पर बोली राइडर सिया; बैंसला को ढूंढ रहीं 3 टीमें

Published: Tue, 15 Sep 2026 10:30 AM (IST)

गुरुग्राम में हिट एंड रन मामले में महिला बाइकर ने आरोप लगाया है कि कार चालक ने पहले उसे रोकने ...और पढ़ें

बैंसला को पुलिस की टीम टीमों खोज रहीं हैं। फोटो: आर्काइव

बैंसला को पुलिस की टीम टीमों खोज रहीं हैं। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. महिला बाइकर ने जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया

  2. कार चालक ने पहले रोकने का इशारा किया था

  3. पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज किया

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: गोल्फ कोर्स रोड पर स्पोर्ट्स बाइक सवार महिला को कार से टक्कर मारने के मामले में दूसरे दिन नया घटनाक्रम सामने आया है।

महिला बाइकर ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि कार चालक कल्याण बैंसला ने पहले उसे रुकने का इशारा किया और जब वह नहीं रुकी तो कार उसकी बाइक की ओर मोड़कर टक्कर मार दी।

वहीं गुरुग्राम पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज कर आरोपी को पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं।

रोकने के इशारे के बाद टक्कर का आरोप

महिला के मुताबिक, कार चालक ने पहले उसे रुकने का इशारा किया था। सुरक्षा के लिहाज से वह नहीं रुकी। इसके बाद चालक ने सफेद Maruti Suzuki Ciaz कार उसकी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक की तरफ मोड़ दी और टक्कर मार दी।

महिला का आरोप है कि पीछे चल रहे एक अन्य राइडर के कैमरे की फुटेज में यह घटनाक्रम दिखाई देता है। उसके मुताबिक, फुटेज में पहले कार चालक की ओर से रोकने का इशारा और इसके बाद बाइक की तरफ कार मोड़ने की बात साफ दिख रही है।

टक्कर से बाइक से उछलकर सड़क पर गिरीं

महिला ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरीं और कई मीटर तक सड़क पर घिसटती चली गईं। पीछे चल रहे साथी राइडरों ने उन्हें उठाया।

उन्होंने कहा कि हादसा इतना गंभीर था कि उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और उनकी जान भी जा सकती थी।

‘खेद था तो मौके पर रुके क्यों नहीं’

महिला ने कहा कि उन्होंने एक वीडियो में कार चालक कल्याण बैंसला की ओर से घटना पर खेद जताने की बात देखी। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि अगर उन्हें वास्तव में इतना खेद था तो वह मौके पर रुके क्यों नहीं और वहां से भाग क्यों गए।

उन्होंने कहा कि हादसे के बाद उन्हें सड़क पर छोड़कर चले जाना गंभीर बात है। महिला ने ऐसे व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्हें ऐसे लोगों पर शर्म आती है।

पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेकर केस किया

गुरुग्राम पुलिस ने मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज किया है। अभी तक महिला की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

पुलिस ने आरोपी कार चालक की पहचान कर ली है। उसे पकड़ने के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है।

कई वीडियो जांच में अहम होंगे

महिला ने कहा कि घटना के कई वीडियो सामने आए हैं। इनमें उसके पीछे चल रहे राइडर के कैमरे की फुटेज भी शामिल है। उनका दावा है कि इस फुटेज से टक्कर से पहले कार चालक के व्यवहार और बाइक की ओर कार मोड़ने का घटनाक्रम स्पष्ट होता है।

अब पुलिस आरोपी चालक को पकड़ने के साथ सामने आए वीडियो के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।

यह भी पढ़ें- 'पीछा कर जानबूझकर मारी टक्कर', गुरुग्राम हिट एंड रन का नया वीडियो; राइडर के कैमरे में कैद हुई बेकाबू कार

यह भी पढ़ें- 'दुख था तो रुके क्यों नहीं?' गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बाइक राइडर सिया का आरोपी पर पलटवार