'पीछा कर जानबूझकर मारी टक्कर', गुरुग्राम हिट एंड रन का नया वीडियो; राइडर के कैमरे में कैद हुई बेकाबू कार
गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के मामले में एक नया वीडियो ...और पढ़ें

लाल सर्किल में कार महिला बाइक राइडर को टक्कर मारती दिख रही है। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
पीछे चल रहे राइडर के कैमरे से नया वीडियो सामने आया
कार चालक ने जानबूझकर महिला बाइक सवार को टक्कर मारी
आरोपी कल्याण बैंसला पर पुलिस में शिकायत दर्ज हुई
डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम। गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कार से टक्कर मारने के मामले का एक नया वीडियो सामने आया है।
यह वीडियो महिला राइडर के पीछे बाइक चला रहे राइडर के कैमरे में रिकॉर्ड हुआ है। वीडियो में आरोपी कार ड्राइवर कल्याण बैसला महिला की बाइक की ओर बढ़ता नजर आता है और टक्कर मारकर महिला बाइक राइडर को गिराने के बाद भाग जाता है।
यह वीडियो महिला बाइक सवार की बाइक Aprilia RS 457 पर लगे कैमरे से अलग है। नई रिकॉर्डिंग में पीछे चल रहे राइडर के कैमरे की नजर से पूरा घटनाक्रम दिखता है।
पीछे चल रहे राइडर ने की रिकॉर्डिंग
नई क्लिप महिला राइडर सिया के परिचित इंस्टाग्राम यूजर youknowabhishek_ ने साझा की है। उसके अनुसार, वह उस समय पीछे से आ रहा था।
राइडर के मुताबिक, सिया उससे आगे निकल गई थीं और तभी उसने देखा कि एक कार उनका पीछा कर रही है। उसने बताया कि कार बाइक के काफी करीब चल रही थी और लगातार पीछा कर रही थी।
View this post on Instagram
कार की नजदीकी से राइडर हुआ सतर्क
राइडर ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि शायद कार ड्राइवर सिया को रोककर कुछ बात करना चाहता हो या वह उनका फॉलोअर हो। इसके बाद उसने अपनी बाइक कार और सिया की बाइक के बीच लाने का फैसला किया।
उसके अनुसार, कार की खिड़की नीचे हुई और उसने सिया की ओर इशारा किया। सिया ने भी हाथ के इशारे से कार को दूर रहने का संकेत दिया।
राइडर ने बताया कि जब वह कार के और करीब गया तो ड्राइवर ने फिर सिया को रुकने का इशारा किया। राइडर का दावा है कि कार में तीन लोग सवार थे और वे नशे में थे। उसने यह भी दावा किया कि कार की खिड़कियों के ग्लास पर काली फिल्म थी।
मोड़ के बाद कार ने बढ़ाई रफ्तार
राइडर के अनुसार, सभी सेंट्रल के पास पहुंचे, जहां सड़क का रास्ता बदलते हुए एक चौराहे की ओर जाता है। उसने दावा किया कि मोड़ के बाद कार ने रफ्तार बढ़ा दी।
उसके मुताबिक, उसी दौरान एक वाहन उसकी बाइक के आगे आ गया, जिससे उसे धीमा होना पड़ा। सिया सड़क के किनारे की ओर जा रही थीं ताकि कार आगे निकल सके। इसी दौरान कार उनकी बाइक की ओर आई और टक्कर मार दी।
नए वीडियो में भी कार को महिला की बाइक की ओर बढ़ते हुए देखा जा सकता है। टक्कर के बाद महिला बाइक से गिरती और सड़क पर घिसटती नजर आती है।

टक्कर के बाद राइडर ने पीछा किया
राइडर ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद कार वहां से निकलने लगी। आसपास लोग सिया के पास जमा होने लगे, जबकि उसने कार का पीछा करने का फैसला किया। उसका कहना है कि वह कार ड्राइवर का चेहरा कैमरे में रिकॉर्ड करना चाहता था।
वह आगे कार तक पहुंचा और लाल बत्ती के पास अन्य राइडरों से उसे रोकने के लिए कहने की कोशिश की। उसके अनुसार, अचानक हुई घटना के कारण वहां मौजूद लोग तुरंत समझ नहीं पाए कि क्या हो रहा है।
इसके बाद वह कार के पास पहुंचा। राइडर का कहना है कि ड्राइवर ने खिड़की नीचे की और उसका चेहरा कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। उसके अनुसार, बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हुई ड्राइवर की तस्वीर वही थी।
कार ड्राइवर को रोकने की कोशिश
राइडर ने बताया कि उसने हादसे के बाद रिकॉर्डिंग इसलिए जारी रखी ताकि कार ड्राइवर की पहचान दर्ज हो सके। उसका कहना है कि वह चाहता था कि ड्राइवर का चेहरा कैमरे में आ जाए।
वीडियो साझा करते हुए राइडर ने कार ड्राइवर पर महिला को जानबूझकर टक्कर मारने का आरोप लगाया और गुरुग्राम में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। हालांकि, ड्राइवर की ओर से घटना को लेकर अलग पक्ष भी सामने आ चुका है।

सिया ने भी पुलिस में दी शिकायत
सिया की ओर से गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दिए जाने की बात सामने आई है। शिकायत के मुताबिक, 13 सितंबर की सुबह करीब सात बजे वह अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर दोस्तों के समूह के साथ Biker Barn Cafe की ओर जा रही थीं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गोल्फ कोर्स रोड पर सफेद Maruti Suzuki Ciaz कार ने उनका पीछा किया और कार सवारों ने उन्हें परेशान करने तथा बाइक रोकने की कोशिश की। सिया के मुताबिक, कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और टक्कर के बाद बाइक करीब 300 मीटर तक घसीटती चली गई।
सिया ने आरोप लगाया कि कार सवार मौके से फरार हो गए। उनके दोस्तों ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन वे भाग निकले। बाद में कार ड्राइवर की पहचान कल्याण बैसला के रूप में सामने आई।
यह भी पढ़ें- 'दुख था तो रुके क्यों नहीं?', गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बाइक राइडर सिया का आरोपी पर पलटवार
