दुबई के बाद अब किर्गिस्तान से भारत लाया जा रहा सोना, IGI एयरपोर्ट पर 3.21 करोड़ का गोल्ड जब्त
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान से आए दो विदेशी नागरिकों के पास से 3.21 करोड़ रुपये का सोना जब्त ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
आईजीआई पर किर्गिस्तान से 3.21 करोड़ रुपये का सोना जब्त।
तस्कर खाड़ी देशों के अलावा नए अंतरराष्ट्रीय मार्गों का उपयोग कर रहे।
बढ़ा आयात शुल्क और त्योहारी मांग सोने की तस्करी बढ़ा रही।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। सोने की तस्करी के लिए अब तस्कर पारंपरिक खाड़ी देशों के अलावा नए अंतरराष्ट्रीय रास्तों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। आईजीआई एयरपोर्ट पर किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक से कजाकिस्तान के अल्माटी होते हुए पहुंचे दो विदेशी नागरिकों से 3.21 करोड़ रुपये का सोना पकड़ा जाना इसी बदलते नेटवर्क की ओर इशारा करता है।
कस्टम ने 12 नवंबर को टर्मिनल-3 पर दोनों को पकड़ा। उनके शरीर पर चिपकाई गई आठ पोटलियों से 2.31 किलो सोना निकाला गया। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बिश्केक-अल्माटी-दिल्ली मार्ग पर तस्करी से एजेंसियां चौकन्नी
बिश्केक-अल्माटी-दिल्ली मार्ग से इतनी बड़ी बरामदगी ने जांच एजेंसियों का ध्यान खींचा है। हालांकि इसे बिल्कुल नया तस्करी मार्ग कहना जल्दबाजी होगी। सितंबर 2023 में दुशांबे से दिल्ली आए यात्री से भी करीब 5.5 किलो सोना पकड़ा गया था।
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि किर्गिस्तान में सोने का स्रोत क्या था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।
खाड़ी देशों से अब भी सबसे ज्यादा खतरा
डीआरआई की रिपोर्ट के अनुसार सोने की हवाई तस्करी में मध्य पूर्व, बैंकाक और दक्षिण-पूर्व एशिया के रास्ते प्रमुख हैं। दुबई, अबूधाबी, शारजाह और मस्कट जैसे शहरों से आने वाले यात्रियों पर विशेष निगरानी रहती है। दिल्ली एयरपोर्ट पर 26 अक्टूबर को शारजाह से आए दो यात्रियों से 47.38 लाख रुपये का सोना और सितंबर में दुबई से आए यात्रियों से 6.5 किलो सोना पकड़ा गया था।
हवाई रास्ते से तस्करी का बड़ा हिस्सा
डीआरआई की स्मगलिंग इन इंडिया रिपोर्ट 2024-25 के मुताबिक सोने की जब्ती के कुल मामलों में 43.7 प्रतिशत हवाई मार्ग से जुड़े थे। इस अवधि में देशभर में सोने की तस्करी के 3,005 मामले दर्ज हुए, 2,600 किलो सोना जब्त हुआ और 533 लोग गिरफ्तार किए गए।
आयात शुल्क ने बढ़ाई चुनौती
मई 2026 में सरकार ने सोने पर आयात शुल्क छह से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया। विश्व स्वर्ण परिषद ने चेताया है कि ऊंचा शुल्क अनौपचारिक आयात को प्रोत्साहित कर सकता है। शादी और त्योहारों में मांग भी तस्करों के लिए बाजार तैयार करती है, हालांकि मौजूदा बरामदगी को सीधे मौसमी मांग से जोड़ने का प्रमाण नहीं है।
कस्टम अधिकारियों का कहना है कि तस्करी का असली कारोबार सिर्फ सोना लाने तक सीमित नहीं है। इसके पीछे विदेशों में बैठे फाइनेंसर, हवाई यात्रियों के रूप में कैरियर, स्थानीय रिसीवर और अवैध रूप से सोना गलाकर बाजार में खपाने वाले नेटवर्क काम करते हैं। ऐसे में चुनौती केवल एयरपोर्ट पर सोना पकड़ने की नहीं, बल्कि पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।