विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा एयरपोर्ट तक का सफर होगा सुपरफास्ट, गाजियाबाद से सीधे जेवर तक दौड़ेगी नमो भारत; DPR का काम शुरू

Published: Wed, 08 Jul 2026 08:28 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर काम शुरू कर ...और पढ़ें

NCRTC ने गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर काम शुरू कर दिया है। (AI Generated Image)

NCRTC ने गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पर काम शुरू कर दिया है। (AI Generated Image)

HighLights

  1. गाजियाबाद-जेवर नमो भारत कॉरिडोर की डीपीआर पर काम शुरू हुआ।

  2. 72.44 किमी लंबा कॉरिडोर 180 किमी/घंटा की अधिकतम गति से चलेगा।

  3. गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट तक 40-50 मिनट में यात्रा संभव।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) जाने वाले यात्रियों को भविष्य में सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) के प्रबंध निदेशक शलभ गोयल ने बताया कि प्रस्तावित 72.44 किमी लंबे नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर का काम अब 'विस्तृत परियोजना रिपोर्ट' (डीपीआर) के चरण में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा, 'फिलहाल गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर की डीपीआर पर काम चल रहा है।'

रूट और मुख्य स्टेशन

नमो भारत गाजियाबाद-जेवर कारिडोर का प्रस्तावित रूट गाजियाबाद से शुरू होगा। यह नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण सिटी से होते हुए जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर समाप्त होगा। यह कारिडोर उन इलाकों से गुजरेगा जहां तेजी से शहरी और आर्थिक विकास हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, इस कारिडोर में 12 स्टेशन और रूट के उत्तरी व दक्षिणी छोर पर दो डिपो होंगे।

इस रूट पर प्रस्तावित स्टेशन हैं- गाजियाबाद, गाजियाबाद साउथ, ग्रेटर नोएडा वेस्ट-सेक्टर चार, ग्रेटर नोएडा वेस्ट-सेक्टर दो, नालेज पार्क पांच, सूरजपुर, परी चौक, इकोटेक छह, दनकौर, यीडा नार्थ-सेक्टर 18, यीडा सेंट्रल-सेक्टर 21 और जेवर एयरपोर्ट।

40 से 50 मिनट में सफर पूरा, रफ्तार 180 किमी/घंटा

यह कॉरिडोर नमो भारत का चौथा रीजनल रैपिड ट्रांजिट (आरआरटीएस) कॉरिडोर होगा, जिसकी अनुमानित लागत करीब 20,640 करोड़ है। अधिकारियों ने बताया कि इस कारिडोर को 180 किमी प्रति घंटे की अधिकतम परिचालन गति के लिए डिजाइन किया जाएगा। इससे गाजियाबाद, नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच यात्रा का समय घटकर सिर्फ 40 से 50 मिनट रह जाएगा, जिससे दैनिक यात्रियों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।

मेट्रो नेटवर्क से भी जुड़ेगा कॉरिडोर

नोएडा मेट्रो (एक्वा लाइन) : परी चौक स्टेशन को नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन के साथ ''इंटरचेंज'' के रूप में जोड़ा जाएगा, जिससे यात्री नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न हिस्सों में आसानी से आ-जा सकेंगे।

नोएडा फिल्म सिटी : यीडा सेंट्रल-सेक्टर 21 स्टेशन से आगामी नोएडा फिल्म सिटी क्षेत्र के लिए कनेक्टिविटी मिलेगी।

दिल्ली मेट्रो (रेड लाइन): यात्री दिल्ली मेट्रो की रेड लाइन का उपयोग करके गाजियाबाद नमो भारत स्टेशन पहुंच सकते हैं और वहां से सीधे एयरपोर्ट कॉरिडोर के लिए रैपिड रेल पकड़ सकते हैं।

यह भी पढ़ें- नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से श्रीनगर के लिए आज से विमान सेवा होगी शुरू, यात्रियों को लेनी होगी कनेक्टिंग फ्लाइट