सब्सक्रिप्शन पर गाय-भैंस और बफैलो कैफे, गाजियाबाद के किसान ने खेती से कमाई के लिए बनाए 31 इनोवेटिव मॉडल
गाजियाबाद के किसान सुरविंदर सिंह और बिहार के दीपक चौधरी ने खेती को तकनीक और उद्यमिता से जोड़कर आय बढ़ाने के नए तरीके दिखाए हैं।

किसान सुरविंदर सिंह और दीपक चौधरी।
HighLights
खेती को तकनीक और उद्यमिता से जोड़कर आय वृद्धि।
किसानों के लिए 31 नवाचार आधारित मॉडल विकसित किए।
डिजिटल बिक्री, डेयरी और ग्रामीण पर्यटन पर जोर।
शाहनवाज अली, गाजियाबाद। खेती अब सिर्फ फसल उगाने तक सीमित नहीं, बल्कि तकनीक, डिजिटल बाजार और स्वरोजगार के जरिये कारोबार का नया आधार बन रही है।
इसकी मिसाल गाजियाबाद के रईसपुर निवासी किसान सुरविंदर सिंह और बिहार के गया निवासी किसान दीपक चौधरी पेश कर रहे हैं। दोनों ने पारंपरिक कृषि और ग्रामीण उत्पादों को उद्यमिता से जोड़कर किसानों की आय बढ़ाने की नई राह दिखाई है।
31 नवाचार आधारित मॉडल किए तैयार
सुरविंदर सिंह ने फार्मर्स डिजिटल रिवोल्यूशन के तहत कृषि, डेयरी, परिवहन, खाद्य प्रसंस्करण और ग्रामीण पर्यटन को जोड़ने वाले 31 नवाचार आधारित मॉडल तैयार किए हैं।
इनमें मोबाइल प्लेटफाॅर्म से किसानों के उत्पादों की लाइव बिक्री, मासिक सब्सक्रिप्शन पर गाय-भैंस उपलब्ध कराने, ग्राहक के सामने ताजा दूध निकालने, दूध की होम डिलीवरी, घर तक मोबाइल मसाला पिसाई मशीन पहुंचाने और बफैलो कैफे जैसी अवधारणाएं शामिल हैं।
किड्स डेयरी पार्क के माध्यम से बच्चों को पशुपालन और दूध उत्पादन की जानकारी देने तथा फार्म लॉजिस्टिक से खेत से बाजार तक उत्पाद पहुंचाने की योजना भी है। ग्रामीण पर्यटन के जरिये शहर के लोगों को गांव की जीवनशैली, खेती और देसी खानपान से जोड़ने का प्रयास है।
तीन पीढ़ियों के कृषि अनुभव में नवाचार
रईसपुर के सुरविंदर किसान ने बताया कि उनके पिता अनिल सिंह ने पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक तकनीक अपनाई। कृषि गतिविधियों से करीब 25 से 30 लोगों को रोजगार मिला है। वह एफपीओ के माध्यम से एक हजार से अधिक किसानों को जोड़ने की दिशा में प्रयासरत हैं।
देसी घी के कारोबार को दे रहे बढ़ावा
रईसपुर गांव के किसान दीपक चौधरी खेती के साथ देसी घी के कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। उनका उद्देश्य पारंपरिक भारतीय खानपान और देसी उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने के साथ कृषि आधारित स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है।
उनका मानना है कि किसान उत्पादन के साथ प्रसंस्करण, ब्रांडिंग और विपणन से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकते हैं। दोनों किसानों की पहल बताती है कि तकनीक, पारंपरिक उत्पादों की पहचान और उद्यमशीलता का मेल ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल सकता है।
खेती के साथ कारोबार के नए प्रयोग
- फार्मर लाइव सेलिंग : मोबाइल से सीधे ग्राहकों को कृषि उत्पादों की बिक्री।
- काउ-भैंस ऑन रेंट : सब्सक्रिप्शन पर पशुपालन और दूध की सुविधा।
- बफैलो ऑन व्हील्स : ग्राहक के सामने ताजा दूध निकालने की अवधारणा।
- मोबाइल मसाला मशीन : घर या दुकान तक पहुंचकर मसाले पीसने की सेवा।
- बफैलो कैफे : दूध, लस्सी, दही, घी और पारंपरिक भोजन।
- किड्स डेयरी पार्क : बच्चों को पशुपालन और दूध उत्पादन से परिचित कराना।
- विलेज टूरिज्म : गांव में ठहरने, खेत देखने और देसी भोजन का अनुभव।
यह भी पढ़ें- देश का 5वां सबसे प्रदूषित शहर बना गाजियाबाद, 338 AQI में सांस लेना मुश्किल; GRAP-3 की उड़ीं धज्जियां
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।