गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर लगेंगे 18 सीसीटीवी कैमरे, आइटीएमएस से जुड़ेगा ट्रैफिक प्रबंधन
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर 18 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे, जिन्हें इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) से जोड़ा जाएगा।
-1795559391878_m.webp)
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर लगेंगे 18 सीसीटीवी कैमरे ( फोटो स्रोत : जागरण )
HighLights
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर 18 सीसीटीवी कैमरे लगेंगे।
कैमरे इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) से जुड़ेंगे।
जाम कम करने और यातायात निगरानी मजबूत होगी।
सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। यमुनापार से राजघाट, दरियागंज और मध्य दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालकों को गीता कॉलोनी फ्लाईओवर पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए निगरानी व्यवस्था मजबूत की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की ओर से फ्लाईओवर पर 18 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों को इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (आइटीएमएस) से जोड़ने की योजना है।
यातायात की स्थिति पर रखी जाएगी नजर
इससे फ्लाईओवर और यमुना पुल के आसपास यातायात की स्थिति पर नजर रखी जा सकेगी और जाम, वाहन खराब होने या सड़क पर अन्य बाधाओं की स्थिति में तुरंत कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।
गीता कॉलोनी फ्लाईओवर यमुनापार को राजघाट, आइटीओ, दरियागंज और मध्य दिल्ली के अन्य इलाकों से जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में वाहन इस रास्ते से गुजरते हैं।
व्यस्त समय में किसी वाहन के खराब होने, दुर्घटना या सड़क पर अन्य बाधा के चलते यहां वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। कई बार फ्लाईओवर पर जाम लगने से इसका असर आसपास की सड़कों और संपर्क मार्गों पर भी पड़ता है।
ऐसे में कैमरों के जरिए यातायात की निगरानी होने से बाधा की पहचान करने और यातायात पुलिस को मौके पर भेजने में आसानी होगी।
कैमरों से मिलेंगी लाइव तस्वीरें
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार कैमरों से फ्लाईओवर और यमुना पुल के विभिन्न हिस्सों की लाइव तस्वीरें मिल सकेंगी। इससे जाम की स्थिति, वाहनों की आवाजाही और सड़क पर किसी तरह की बाधा का पता समय रहते लगाया जा सकेगा।
संबंधित एजेंसियां निगरानी के आधार पर यातायात को नियंत्रित करने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था करने में सक्षम होंगी।
यह व्यवस्था दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर तकनीक आधारित यातायात प्रबंधन को मजबूत करने की दिशा में भी अहम होगी। जाम की स्थिति में वाहनों के लंबे समय तक खड़े रहने से होने वाले प्रदूषण को कम करने और व्यस्त मार्ग पर यातायात सुचारु बनाए रखने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।