विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1998 में साथी की गला घोंटकर की थी हत्या, 28 साल बाद अयोध्या में खेती करते पकड़ा गया आरोपी

Published: Mon, 23 Nov 2026 06:14 PM (IST)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित रामू को अयोध्या से गिरफ्तार किया है। रामू ने 1998 में दिल्ली के बुद्ध विहार में एक युवक की गला घोंटकर हत्या की थी।

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अयोध्या से 28 साल पुराने मामले के आरोपी को दबोचा। फोटो-जागरण

दिल्ली क्राइम ब्रांच ने अयोध्या से 28 साल पुराने मामले के आरोपी को दबोचा। फोटो-जागरण

HighLights

  1. 28 साल पुराने हत्या के मामले में गिरफ्तारी।

  2. भगोड़ा रामू अयोध्या से दिल्ली पुलिस द्वारा गिरफ्तार।

  3. 1998 में दिल्ली में युवक की गला घोंटकर हत्या की थी।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 28 साल पुराने हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपित को अयोध्या से गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान बुद्ध विहार के रामू के रूप में हुई है, जिसने वर्ष 1998 में सुल्तानपुरी के बुद्ध विहार में एक युवक की गला घोंटकर हत्या कर दी थी।

गिरफ्तारी से बचने के लिए वह करीब तीन दशक तक अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलता रहा। इस दौरान उसने मुंबई, पंजाब और बिहार में लंबा समय बिताया। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद हाथ नहीं आने पर वर्ष 2000 में अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।

झोपड़ी में मिली थी युवक की लाश

क्राइम ब्रांच के उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, 13 मार्च 1998 को बुद्ध विहार स्थित एक झोपड़ी से मोहित का शव बरामद हुआ था। वह बिहार के मधुबनी का रहने वाला था। उसके गले पर गला घोंटने के निशान मिले थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई। इस संबंध में सुल्तानपुरी थाने में हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

कोयले की दुकान पर साथ काम करते थे युवक

जांच में सामने आया कि मोहित और रामू एक ही कोयले की दुकान पर काम करते थे। दोनों के बीच हुए झगड़े के बाद रामू पर हत्या करने का आरोप लगा। हालांकि, पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। 24 जनवरी 2000 को तीस हजारी अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित कर दिया। बाद में उसके खिलाफ भगोड़ा घोषित किए जाने से संबंधित आरोपपत्र भी दाखिल किया गया।

फोटो तक नहीं थी पुलिस के पास

करीब तीन दशक पुराने मामले में आरोपित को पकड़ना क्राइम ब्रांच के लिए बड़ी चुनौती था। पुलिस रिकार्ड में उसकी कोई तस्वीर तक उपलब्ध नहीं थी। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल मिंटू यादव के जरिए आरोपित के बारे में गुप्त सूचना मिली। इसके बाद पुराने अदालती और थाने के रिकार्ड खंगाले गए। इसके बाद एसीपी विवेकानंद पाठक की देखरेख में और इंस्पेक्टर राबिन त्यागी के नेतृत्व में गठित टीम ने जानकारी जुटाकर 21 नवंबर को अयोध्या से रामू को गिरफ्तार कर लिया।

तीन राज्यों में बिताए 28 साल

पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गिरफ्तारी से बचने के लिए वह करीब नौ साल मुंबई, 12 साल पंजाब और सात साल बिहार में रहा। इस दौरान वह श्रमिक के रूप में काम कर लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा।

बाद में अयोध्या में बस गया और अपने पैतृक गांव में खेती करने लगा। आरोपित मूल रूप से यूपी के गोंडा जिले का रहने वाला है। कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- हमलों के चलते दिल्ली से साउदी अरब के 3 शहरों की उड़ानें सस्पेंड, एअर इंडिया ने 30 नवंबर तक लगाई रोक

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।