दिल्ली के युधिष्ठिर सेतु पर रफ्तार का कहर, फॉर्च्यूनर-ऑटो की टक्कर में दो की मौत और 8 घायल; ड्राइवर फरार
दिल्ली के युधिष्ठिर सेतु पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिसमें आठ लोग घायल ...और पढ़ें

HighLights
युधिष्ठिर सेतु पर फॉर्च्यूनर ने ऑटो-रिक्शा को मारी टक्कर।
हादसे में आठ घायल हुए, जिनमें से दो ने दम तोड़ा।
पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धारा 105 जोड़ी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के कश्मीरी गेट थाना क्षेत्र में युधिष्ठिर सेतु पर तेज रफ्तार फार्च्यूनर कार ने ऑटो-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान दो घायलों ने दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोगों की मौत के बाद पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या से संबंधित बीएनएस की धारा 105 भी जोड़ दी है।
पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात युधिष्ठिर सेतु पर हुआ था। फॉर्च्यूनर और ऑटो के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर कश्मीरी गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 281 (तेज गति से वाहन चलाना) और 125ए (लापरवाही से किए गए कृत्य से चोट पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
हालांकि, हादसे में घायल दो लोगों की उपचार के दौरान मौत होने के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया। इसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी में बीएनएस की धारा 105 भी जोड़ दी। पुलिस अब हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही फॉर्च्यूनर चालक की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।