डूटा के तीन बार अध्यक्ष रहे डॉ. आदित्य नारायण मिश्रा कांग्रेस में शामिल, AAD का भी पार्टी में विलय
दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (डूटा) के पूर्व अध्यक्ष डा आदित्य नारायण मिश्रा अनेक प्रमुख शिक्षाविदों के साथ कांग्रेस में शामिल ...और पढ़ें

डूटा के पूर्व अध्यक्ष डा आदित्य नारायण मिश्रा को पार्टी में शामिल कराते प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव। जागरण
HighLights
डा आदित्य नारायण मिश्रा अनेक प्रमुख शिक्षाविदों के साथ कांग्रेस में शामिल।
एकेडमिक्स फार एक्शन एंड डेवलपमेंट (एएडी) का भी कांग्रेस में विलय।
शिक्षाविदों के जुड़ने से कांग्रेस को बौद्धिक रूप से मिलेगी मजबूती।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (डूटा) के तीन बार अध्यक्ष रहे शिक्षक नेता डा आदित्य नारायण मिश्रा सोमवार को अनेक प्रमुख शिक्षाविदों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए।
इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के शिक्षकों के संगठन एकेडमिक्स फार एक्शन एंड डेवलपमेंट (एएडी) के भी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में विलय की घोषणा की गई।
कांग्रेस कार्यालय में दिल्ली कांग्रेस प्रभारी काजी निजामुद्दीन, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र यादव, एआइसीसी के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, दिल्ली के प्रदेश संगठन महासचिव अनिल भारद्वाज और इंटक दिल्ली के चेयरमैन पंकज गर्ग ने डा मिश्रा के साथ डूटा के वर्तमान सचिव विमलेंदु, तबरेज आलम, राजेश झा सहित दिल्ली विश्वविद्यालय, जामिया मिलिया इस्लामिया एवं जेएनयू के कई प्रोफेसरों को भी पार्टी में शामिल कराया।
बौद्धिक रूप से कांग्रेस को मिलेगी मजबूती
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ऐसे समय में, जब उच्च शिक्षा महंगी होती जा रही है और छात्रों एवं शिक्षकों के सामने गंभीर चुनौतियां हैं, प्रमुख शिक्षाविदों का कांग्रेस से जुड़ना पार्टी को बौद्धिक रूप से मजबूत करेगा।
देवेंद्र यादव ने कहा कि डा मिश्रा फेडरेशन आफ सेंट्रल यूनिवर्सिटीज टीचर्स एसोसिएशन के भी अध्यक्ष रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज देश के युवाओं और छात्रों को सही दिशा एवं बेहतर मार्गदर्शन की जरूरत है, यदि उन्हें सही नेतृत्व मिलेगा तो देश का भविष्य समृद्ध होगा।
