विदेशी फंडिंग और जंतर-मंतर साजिश के आरोपों में घिरे CJP नेता, सौरव दास-आशुतोष रांका से 2 घंटे पूछताछ
काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह संयोजक सौरव दास, आशुतोष रांका और अजिंक्य शिंदे से क्राइम ब्रांच ने दो घंटे ...और पढ़ें

क्राइम ब्रांच की पूछताछ के बाद आशुतोष रांका और सौरव दास। फोटो: वीडियो ग्रैब एएनआई
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह संयोजक सौरव दास व आशुतोष रांका समेत पार्टी के सक्रिय सदस्य अजिंक्य शिंदे से बृहस्पतिवार को राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच के ऑफिस में करीब दो घंटे तक गहन पूछताछ की गई।
सूत्रों की मानें तो सौरव दास व आशुतोष रांका से CJP को देश-विदेश से मिलने वाली फंडिंग की आशंका के मद्देनजर भी पूछताछ की गई। पूछताछ संबंधी बातों को गोपनीय रखा जा रहा है।
इनसे यह भी पूछा गया कि एक साल तक शांति बनाए रखने का बॉन्ड भरने के दो दिन बाद ही उन्होंने बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन क्यों किया? इस पर दोनों स्पष्ट तौर पर अपना पक्ष नहीं रख सके।
इसके अलावा तीनों से जंतर-मंतर पहुंचने के लिए किसी से निर्देश मिलने व साजिश संबंधी दर्जनों सवाल पूछे गए, जिनमें कुछ सवालों का ही इन्होंने जवाब दिया।
बॉन्ड का उल्लंघन करने पर भेजा गया नोटिस
बॉन्ड का उल्लंघन करने और सही जमानती न पेश कर पाने पर सात दिनों बाद जमानत पर तिहाड़ जेल से बाहर आते ही 20 अक्टूबर को क्राइम ब्रांच ने कनॉट प्लेस थाने में दर्ज सरकारी आदेश का उल्लंघन करने व ट्रेसपास आदि मामलों में पूछताछ करने के लिए सौरव दास व आशुतोष रांका के अलावा अजिंक्य शिंदे को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस भेज दिया था।
तीनों को 21 अक्टूबर की दोपहर 12 बजे राजौरी गार्डन स्थित क्राइम ब्रांच के कार्यालय में जांच अधिकारी के समक्ष पेश होने को कहा गया था, लेकिन ये जांच में शामिल नहीं हुए थे। सौरव दास व आशुतोष ने आगे की तारीख देने का अनुरोध किया था।
जंतर-मंतर पर प्रतिबंधित स्थल में घुसे थे
ज्ञात रहे बीते 13 अक्टूबर की सुबह इन तीनों नेताओं ने अपने 11 समर्थकों के साथ पुलिस के सुरक्षा घेरे में सेंध लगा जबरन प्रतिबंधित स्थल जंतर-मंतर पर घुस आए थे।
पुलिसकर्मियों की नजर पड़ने पर इन्होंने तिरंगा लहराते हुए नारेबाजी शुरू कर दी थी, जिससे सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत बाद सभी 14 लोगों को हिरासत में ले लिया था।
इस मामले में कनॉट प्लेस थाना पुलिस ने CJP के इन तीनों नेताओं के खिलाफ ट्रेसपास व सरकारी आदेश का उल्लंघन करने की धारा में केस दर्ज कर लिया था, वहीं संसद मार्ग थाना पुलिस ने भी इनके खिलाफ शांति भंग करने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया था।
अगले दिन 14 अक्टूबर को तीनों को मंदिर मार्ग स्थित स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (एसईएम) की कोर्ट में पेश किया गया था।
जहां पर अजिंक्य शिंदे को छह माह तक शांति बनाए रखने का बॉन्ड भरवाकर पांच हजार की जमानत राशि पर छोड़ दिया गया था, लेकिन 11 अक्टूबर के बेल बॉन्ड की शर्तों का उल्लंघन करने पर एसईएम कोर्ट ने सौरव दास व आशुतोष रांका को पांच दिनों के लिए तिहाड़ जेल भेज दिया था। बाद में इन्हें दो दिन के लिए और जेल भेज दिया गया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।