नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के ATM बूथ में लगी आग, तीन मशीनें जलकर राख; फायर ब्रिगेड की 4 गाड़ियां पहुंचीं
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म नंबर एक पर स्थित एटीएम बूथ में सोमवार दोपहर आग लग गई, जिससे तीन एटीएम मशीनें प्रभावित हुईं। दमकल की चार गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया; गनीमत रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

नई दिल्ली रेलवे स्टेशन में एटीएम बूथ में लगी आग। फोटो: सांकेतिक
HighLights
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एटीएम बूथ में लगी आग।
तीन एटीएम मशीनें आग की चपेट में आईं, कोई घायल नहीं।
दमकल विभाग ने आधे घंटे में आग पर पाया काबू।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर प्लेटफार्म नंबर एक के पास स्थित एटीएम बूथ में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में बूथ में लगी तीन एटीएम मशीनें आ गईं।
इनमें एक मशीन यूनियन बैंक ऑफ इंडिया और दो बैंक ऑफ बड़ौदा की थीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं।
दमकलकर्मियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ और न ही किसी की जान गई।
तीन एटीएम मशीनें आग की चपेट में आईं
दमकल विभाग के अधिकारी के मुताबिक, सोमवार शाम 3:55 बजे एटीएम बूथ में आग लगने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में पता चला कि टिन शेड के नीचे बने बूथ में तीनों एटीएम मशीनों में आग लगी थी।
सीसीटीवी रूम का एसी भी हुआ प्रभावित
आग की तपिश से एटीएम शेड के पीछे बने सीसीटीवी रूम में लगे स्प्लिट एसी का इनडोर यूनिट भी प्रभावित हुआ। दमकल की टीम ने शाम 4:25 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।