इलाज के बहाने मासूम से दरिंदगी करने वाले 74 साल के ढोंगी बाबा को उम्रकैद, दिल्ली की कोर्ट का आदेश
दिल्ली में 74 वर्षीय ढोंगी बाबा को 8 साल की बच्ची के यौन शोषण के आरोप में अदालत ने अंतिम सांस तक जेल की सजा सुनाई है।

फकीर बाबा बनकर 8 साल की बच्ची से दरिंदगी। (AI-Generated Image)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अंधविश्वास के नाम पर 8 साल की बच्ची के साथ यौन शोषण करने वाले 74 साल के एक ढोंगी बाबा को अदालत ने अंतिम सांस तक जेल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने कहा कि ऐसे बाबाओं पर लोगों का अंधा भरोसा अक्सर धोखे में बदल जाता है और ऐसी घटनाएं इंसानियत के वजूद पर ही सवाल उठाती हैं।
मामला उत्तम नगर का है। सरकारी वकील चंदरजीत यादव के मुताबिक, आरोपी असगर वाखो खुद को ‘फकीर बाबा’ बताता था। 9 फरवरी 2025 को वह बच्ची के घर यह कहकर पहुंचा कि वह उसकी ब्रेन सिस्ट का इलाज कर सकता है, जिसके कारण बच्ची को दौरे पड़ते थे।
झाड़-फूंक का बहाना बनाकर दुष्कर्म
आरोपी ने झाड़-फूंक का बहाना बनाया और बच्ची की मां को दीवार की तरफ मुंह करने को कहा। इसके बाद उसने बच्ची के साथ दरिंदगी की। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिसे बच्ची के मामा ने देख लिया। मामा ने तुरंत मां को बताया और बच्ची से पूछताछ की गई।
फॉरेंसिक जांच में मिली 13 वीडियो फाइल
उसी दिन एफआईआर दर्ज हुई। फॉरेंसिक जांच में आरोपी के पास से 13 ऐसी ही वीडियो फाइलें मिलीं। एडिशनल सेशन जज वैभव मेहता ने फैसले में कहा कि घटना के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए मां से बच्ची के कपड़े तुरंत धुलवाए और उसे ठंडे पानी से नहलाने को कहा।
इससे पता चलता है कि यह उसका पहला अपराध नहीं हो सकता। कोर्ट ने आरोपी को पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत उम्रकैद और धारा 10 के तहत 7 साल की सजा सुनाई है। साथ ही, पीड़िता को 15 लाख रुपये मुआवजा देने का भी आदेश दिया है।
