विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की जेल में चल रहा वसूली और प्रताड़ना का खेल, बंदी की मौत से खुली पोल; मजिस्ट्रेट के आदेश पर FIR

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:39 AM (IST)

रोहिणी जेल में बंदी वारिस अली की मौत के मामले की न्यायिक जांच में वसूली और प्रताड़ना का खुलासा हुआ है। वारिस को धमकाने और जबरन पैसे वसूलने की बात सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

रोहणी जेल में बंदी की मौत से जुड़ा वसूली का खेल। फोटो: सांकेतिक

रोहणी जेल में बंदी की मौत से जुड़ा वसूली का खेल। फोटो: सांकेतिक

राजीव रंजन, बाहरी दिल्ली। जेल की चारदीवारी के भीतर बंदियों की सुरक्षा के दावों के बीच रोहिणी केंद्रीय जेल में वसूली और प्रताड़ना का खेल चलने की पोल खुल गई है।

34 वर्षीय बंदी वारिस अली की मौत के मामले की न्यायिक जांच में जेल के भीतर उसे परेशान करने, धमकाने और जबरन रुपये वसूलने की बात सामने आई है।

इस मामले में नशा तस्कर रेहान अहमद से जुड़े कुछ बंदियों के नाम भी सामने आए हैं। न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर समयपुर बादली थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाथरूम में मृत मिला था वारिस अली

सूत्रों के अनुसार घटना 22 सितंबर 2025 की है। रोहिणी केंद्रीय जेल नंबर-10 के वार्ड नंबर तीन की बैरक नंबर 101 के साझा बाथरूम में वारिस अली उर्फ वारिश मृत मिला था।

जेल में बंद सोनू ने दोपहर करीब 3:45 बजे उसे बाथरूम में देखा था। इसके बाद उसे जेल की डिस्पेंसरी ले जाया गया। यहां से बीएसए अस्पताल, रोहिणी पहुंचाया गया, जहां शाम 4:40 बजे चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया था।

हालांकि, परिस्थितियां संदिग्ध थीं। वारिस के साथ लगातार उत्पीड़न और वसूली किए जाने की शिकायतें थीं।

जांच में सामने आई प्रताड़ना और वसूली की बात

इस मामले की न्यायिक जांच, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी गरिमा जिंदल ने की। जांच में मौत का तत्काल कारण दम घुटना बताया गया। हालांकि, मौत की परिस्थितियों की पड़ताल में कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए।

मृतक के हाथ पर चोट के सतही निशान मिले। इसके अलावा जांच में पता चला कि जेल में कुछ बंदी उसे लगातार परेशान करते थे। उसे धमकाया जाता था और उससे जबरन रुपये वसूले जाते थे। जांच में इन बंदियों के नशा तस्कर रेहान अहमद से जुड़े होने की बात भी सामने आई।

आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में केस

न्यायिक जांच में सामने आए तथ्यों और मौत की गैर-प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए मजिस्ट्रेट ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया।

यह धारा आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित है। इसमें दोष सिद्ध होने पर अधिकतम 10 वर्ष तक कारावास और जुर्माने का प्रावधान है। आदेश पर समयपुर बादली थाना पुलिस ने गुरुवार को मुकदमा दर्ज किया।

रेहान अहमद से जुड़े बंदियों की भूमिका की जांच

जांच में उन बंदियों की भूमिका खंगाली जा रही है, जो वारिस को परेशान करते थे। साथ ही रेहान अहमद से उनके संबंधों, रुपये वसूलने के तरीके और मौत से पहले की परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।

जेल के भीतर इस तरह का वसूली तंत्र सामने आना सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब पुलिस जांच से स्पष्ट होगा कि इस पूरे खेल में कौन-कौन शामिल था और वारिस की मौत में उनकी क्या भूमिका थी?

 
 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।