531 लोगों से करीब 3.23 करोड़ ठगने वाला शख्स गिरफ्तार, अदालत भी घोषित कर चुकी थी भगोड़ा
आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 3.23 करोड़ रुपये की पॉन्जी स्कीम ठगी के मामले में आठ साल से फरार प्रोग्रेस ...और पढ़ें

531 लोगों से करीब 3.23 करोड़ ठगने वाला शख्स गिरफ्तार ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
EOW ने 3.23 करोड़ की ठगी में पूर्व निदेशक को पकड़ा।
आरोपित विसर्जन आठ साल से फरार था, अंबेडकर नगर से गिरफ्तारी।
531 लोगों को निवेश पर मोटा ब्याज का झांसा दिया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। निवेश पर मोटा ब्याज और आकर्षक रिटर्न देने का झांसा देकर 531 लोगों से करीब 3.23 करोड़ रुपये ठगने के मामले में आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने आठ साल से फरार आरोपित को गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान विसर्जन के रूप में हुई है। वह प्रोग्रेस प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का निदेशक था। पुलिस ने उसे 29 अक्टूबर को अंबेडकर नगर जिले के अलीगंज से पकड़ा। अदालत उसे भगोड़ा घोषित कर चुकी थी।
दिया था आकर्षक ब्याज का भरोसा
ईओडब्ल्यू के उपायुक्त इरशाद हैदर के मुताबिक, गुलशन अवतार समेत कई निवेशकों की शिकायत पर वर्ष 2018 में एफआइआर दर्ज हुई थी। शिकायत में कहा गया कि कंपनी के निदेशकों ने एफडी, आरडी और मासिक आय योजनाओं में आकर्षक ब्याज का भरोसा दिया।
झांसे में आकर 531 लोगों ने रकम निवेश की। आरोप है कि कंपनी ने कुल 3,23,59,357 रुपये जुटाने के बाद कार्यालय बंद कर दिया। निवेशकों को रकम नहीं लौटाई गई और न ही कोई सूचना दी गई।
जांच में पता चला कि कंपनी को आरबीआई से कोई राशि जमा लेने की अनुमति नहीं थी, फिर भी पोंजी स्कीम के जरिये निवेश जुटाया जा रहा था।
छापेमारी के बाद किया गया गिरफ्तार
पुलिस इस मामले में मुरारी कुमार श्रीवास्तव को सीतामढ़ी और विकास नामक आरोपित को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। विसर्जन जांच में शामिल नहीं हुआ और ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा।
तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर ईओडब्ल्यू टीम को उसके अंबेडकर नगर में छिपे होने का पता चला। छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, वह पहले बस्ती के आसपास मल्टीलेवल मार्केटिंग करता था। बाद में निवेश योजनाओं के जरिये ठगी करने लगा। फरारी के दौरान वह जीवन बीमा पालिसी बेच रहा था। अकबरपुर में भी उसके खिलाफ इसी कंपनी से जुड़े मामले दर्ज हैं।