दिल्ली में ई-रिक्शा में यात्रियों को लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दबोचे गए गैंग के चार सदस्य
दिल्ली में ई-रिक्शा में पत्नी, मां और बच्चों को बैठाकर यात्रियों को लूटने वाले परिवार के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, पीड़ित के पहचान पत्र और लूटे गए रुपये बरामद किए हैं।

आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस। सांकेतिक तस्वीर - जागरण
HighLights
ई-रिक्शा में परिवार संग यात्रियों को लूटते थे आरोपी।
चाकू की नोक पर सुनसान जगह ले जाकर करते थे लूट।
पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी दिल्ली में ई-रिक्शा में पत्नी, मां और बच्चों को बैठाकर यात्रियों को लूटने वाले परिवार के चार सदस्यों को न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपियों की पहचान जुबैर (22 वर्ष), नजरे आलम (22 वर्ष), मुस्कान (23 वर्ष) और इशरत (50 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोप है कि परिवार के सदस्य ई-रिक्शा में सवार होकर यात्रियों को सुनसान जगह पर ले जाते थे और चाकू की नोक पर लूटपाट करते थे।
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू, पीड़ित का आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और 710 रुपये बरामद किए हैं।
5 हजार रुपये लूट लिए
डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 14 नवंबर की रात करीब 10:59 बजे राजेश कुमार ने पुलिस को सूचना दी थी कि ई-रिक्शा चालक ने अपने साथ बैठी दो महिलाओं और दो बच्चों की मौजूदगी में चाकू दिखाकर उनसे पांच हजार रुपये लूट लिए हैं।
जांच में पता चला कि राजेश रात करीब 10:30 बजे नोएडा टी-प्वाइंट से आनंद विहार बस टर्मिनल जाने के लिए डीएल7ईआर नंबर के ई-रिक्शा में सवार हुए थे। उसमें पहले से दो महिलाएं और दो बच्चे बैठे थे।
थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
रास्ते में चालक ने पत्नी और बच्चों को घर छोड़ने का बहाना बनाकर ई-रिक्शा धर्मशिला अस्पताल की ओर मोड़ दिया। इसके बाद पीड़ित को धर्मशिला पुल के पास सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू की नोक पर पांच हजार रुपये, आधार कार्ड और वोटर आईडी कार्ड लूट लिए। दोनों महिलाओं ने भी पीड़ित को डराया और विरोध नहीं करने दिया। इस संबंध में न्यू अशोक नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस ने ई-रिक्शा के पंजीकृत मालिक अंसार से पूछताछ की तो पता चला कि वाहन उसका बेटा जुबैर चलाता है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने 20 नवंबर को जुबैर को तुर्कमान गेट से गिरफ्तार किया। अगले दिन नजरे आलम को लाजपत नगर अंडरपास के पास से पकड़ा गया।
इसके बाद मुस्कान और इशरत को भी लाजपत नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज में लाल स्वेटर पहने एक युवक और नीले सूट में एक महिला ई-रिक्शा के आगे बैठे दिखाई दिए थे। उनके कपड़े आरोपियों के पकड़े जाने के समय पहने कपड़ों से मेल खाते थे।
पहले भी लूट के मामले में रहे हैं शामिल
जांच में सामने आया कि जुबैर और नजरे आलम पहले भी सनलाइट कॉलोनी थाने में दर्ज लूट के एक मामले में शामिल रहे हैं। जुबैर की निशानदेही पर कल्याणपुरी स्थित एक मकान से वारदात में इस्तेमाल चाकू, पीड़ित के दोनों पहचान पत्र और 710 रुपये बरामद किए गए। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक मामलों में शामिल होने की जांच कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।