DU के सत्यवती कॉलेज में छात्रा से यौन उत्पीड़न के आरोप, महिला आयोग ने प्रिंसिपल से मांगा जवाब
दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में एक छात्रा द्वारा एसोसिएट प्रोफेसर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का स्वत: संज्ञान लिया है।
-1794542388843_m.webp)
सत्यवती कॉलेज। सोशल मीडिया
HighLights
दिल्ली महिला आयोग ने यौन उत्पीड़न मामले का स्वत: संज्ञान लिया।
कॉलेज प्राचार्य से तत्काल कार्रवाई और विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई।
परिसर में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के सत्यवती कॉलेज में एक छात्रा द्वारा एसोसिएट प्रोफेसर पर लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों पर दिल्ली महिला आयोग ने स्वत संज्ञान लिया है।
आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य को पत्र लिखकर शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आयोग ने प्राचार्य से छात्रा की शिकायत पर की गई कार्रवाई का विस्तृत ब्योरा (एक्शन टेकन रिपोर्ट) संबंधित दस्तावेजों और अभिलेखों के साथ मांगा है। साथ ही आरोपों की जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने को कहा है।
आवश्यक कदम उठाने के निर्देश
आयोग ने कॉलेज प्रशासन को परिसर में छात्राओं और महिला कर्मचारियों की सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के भी निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) को सक्रिय और प्रभावी बनाने और यौन उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण की निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने को कहा है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कालेज में जरूरी संस्थागत व्यवस्थाएं की जाएं।
यह भी पढ़ें- सत्यवती कॉलेज में DUSU चुनाव को लेकर खूनी संघर्ष, दो गुटों में झड़प; दो गाड़ियों में तोड़फोड़