विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेड के अंदर छिपा रखा था 54 Kg गांजा, दिल्ली पुलिस ने बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दबोचे दो तस्कर

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:39 AM (IST)

पश्चिमी दिल्ली की द्वारका जिला पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा। जागरण

दिल्ली पुलिस ने दो तस्करों को दबोचा। जागरण

HighLights

  1. द्वारका पुलिस ने गांजा तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया।

  2. कुल 54.375 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार।

  3. अधिकांश गांजा बेड के स्टोरेज बॉक्स में छिपा था।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस की एएटीएस टीम ने गांजा तस्करी के नेटवर्क का पता लगाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने तीन चरणों में कुल 54.375 किलो गांजा बरामद किया है। इसमें 52.32 किलो गांजा मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान में बेड के स्टोरेज बाक्स में छिपाकर रखा गया था। गांजा 49 पैकेट में पैक था। पुलिस ने मामले में एक लावारिस स्कूटी भी जब्त की है।

तस्करी में शामिल लोगों की पहचान

पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर नशे की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

गांजे की बड़ी खेप बरामद

इसी क्रम में एएटीएस टीम ने कार्रवाई करते हुए पहले लावारिस स्कूटी से गांजा बरामद किया। इसके बाद जांच के दौरान बलबीर को गिरफ्तार किया गया और उससे मिली जानकारी के आधार पर गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई।

स्कूटी छोड़कर मौके से भागा

7 अक्टूबर को एएटीएस की टीम नजफगढ़ के अग्रवाल कालोनी स्थित तिरंगा चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति टीवीएस जुपिटर स्कूटी छोड़कर मौके से भाग गया। स्कूटी की तलाशी लेने पर उसकी डिक्की से 1.855 किलो गांजा बरामद हुआ।

इस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 10 अक्टूबर को बलबीर (45) को गिरफ्तार किया। वह नजफगढ़ की इंद्रा मार्केट कालोनी का रहने वाला है। उसकी तलाशी में 200 ग्राम गांजा और बरामद हुआ।

वहीं, पूछताछ के दौरान पुलिस को मोहन गार्डन के सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित एक मकान में गांजे का बड़ा भंडार छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली।

आरोपी रंजू गिरफ्तार

बलबीर से मिली जानकारी के आधार पर एएटीएस टीम ने सिद्धार्थ एन्क्लेव स्थित मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान बेड के स्टोरेज बाक्स में छिपाकर रखे गए 49 पैकेट मिले, जिनमें कुल 52.32 किलो गांजा था। पुलिस ने इस मामले में मकान से जुड़ी आरोपी रंजू (35) को गिरफ्तार किया है।

इस कार्रवाई में कुल 54.375 किलो गांजा बरामद हुआ है। बलबीर के खिलाफ पहले भी दो मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें एनडीपीएस अधिनियम से जुड़ा मामला भी शामिल है।

पुलिस अब गांजे की खेप के स्रोत का पता लगाने के साथ ही इसकी आपूर्ति और वितरण से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- 'हर रोज 1000 की दिहाड़ी', नाबालिगों के सहारे नोएडा में फल-फूल रहा गांजा तस्करी का धंधा; कहां-कहां फैला नेटवर्क