दिल्ली के द्वारका में फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस का भंडाफोड़, बेरोजगार युवाओं को झांसे में लेकर ठगते थे पैसे, अब सलाखों के पीछे आरोपी
द्वारका में नौकरी का झांसा देकर युवाओं से रजिस्ट्रेशन और यूनिफॉर्म के नाम पर ठगी करने वाले फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस का साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
-1795393582305_m.webp)
द्वारका में फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस का भंडाफोड़ नौकरी के नाम पर ठगी ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस नौकरी के नाम पर युवाओं से ठगी करता।
साइबर पुलिस ने मुख्य आरोपी सर्वेश कुमार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी के बैंक खातों से नौ साइबर शिकायतें जुड़ी मिली हैं।
स्नेहा कुमारी, पश्चिमी दिल्ली। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को इंटरव्यू के लिए बुलाकर उनसे रजिस्ट्रेशन और यूनिफॉर्म के नाम पर रुपये वसूले जा रहे थे। नौकरी और यूनिफॉर्म देने के बजाय बाद में उनके मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए जाते थे।
द्वारका मोड़ के पास पटेल गार्डन में चल रहे ऐसे ही फर्जी प्लेसमेंट ऑफिस का द्वारका जिला साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार..
पुलिस ने मुख्य आरोपित सर्वेश कुमार (34) को गिरफ्तार किया है। जांच में उसके चार बैंक खातों और मोबाइल फोन से अलग-अलग राज्यों की नौ साइबर अपराध शिकायतें जुड़ी मिली हैं।
ऑफिस की ओर से दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में नौकरी के विज्ञापन वाले पर्चे लगाए जाते थे। इन पर दिए गए मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने वाले युवाओं को इंटरव्यू के लिए पटेल गार्डन स्थित ऑफिस बुलाया जाता था।
वहां एचआर कर्मचारी कुमारी निरुपमा उर्फ माही और कंचन छाबड़ा इंटरव्यू लेने के बाद उम्मीदवारों से रजिस्ट्रेशन फीस और यूनिफॉर्म के नाम पर रुपये लेते थे। उन्हें जल्द ज्वॉइनिंग का भरोसा देकर भेज दिया जाता था। लेकिन, न नौकरी मिलती थी और न यूनिफॉर्म। पुलिस के मुताबिक रोजाना करीब 10 से 15 उम्मीदवार आफिस पहुंचते थे।
ऑफिस का प्रबंधक भी गिरफ्तार
पुलिस ने 23 अक्टूबर को गुप्त सूचना और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर मिली शिकायतों के विश्लेषण के आधार पर ऑफिस में छापा मारा था। वहां सर्वेश कुमार मिला, जो वहां ऑफिस चला रहा था और उसकी गतिविधियों का प्रबंधन करता था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच के दौरान उसके उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, डीसीबी, इक्विटास और बंधन बैंक में चार खाते सामने आए। इनकी जांच में नौ शिकायतें जुड़ी मिलीं। पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, 29 विज्ञापन पर्चे और एक उपस्थिति रजिस्टर जब्त किया है।
पुलिस अब पीड़ितों की पहचान, धनराशि के लेन-देन और अन्य सहयोगियों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- जरा देखिए हापुड़ में कितने बुलंद हो चुके चोरों के हौसले! दे गए 25 लाख की वारदात को अंजाम, धूल फांकती रह गई पुलिस
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।