शादी करने से पहले लीजिए उसकी ट्रेनिंग, DU के कॉलेज की अनोखी पहल; प्री-मैरिटल सेंटर में क्या-क्या सिखाया जाएगा?
दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू कॉलेज ने 'तेरे मेरे सपने' नामक पहला प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किया है। यह केंद्र ...और पढ़ें

अब शादी से पहले कमला नेहरू कॉलेज में मिलेगी रिश्ता निभाने की ट्रेनिंग। फोटो: एआई जनरेटेड
HighLights
कमला नेहरू कॉलेज में 'तेरे मेरे सपने' सेंटर शुरू।
युवाओं को शादी से पहले रिश्तों की समझ विकसित होगी।
एनसीडब्ल्यू की मेंटरशिप में 300वां केंद्र स्थापित।
लोकश शर्मा, नई दिल्ली। अब दिल्ली विश्वविद्यालय में शादी करने से पहले युवा रिश्तों की बारीकियां भी सीख सकेंगे। कमला नेहरू कॉलेज ने इसके लिए 'तेरे मेरे सपने' नाम से डीयू का पहला प्री-मैरिटल कम्युनिकेशन सेंटर शुरू किया है।
यहां युवाओं को शादी से पहले आपसी समझ, संवाद, जिम्मेदारियों और मतभेद सुलझाने की ट्रेनिंग के साथ स्वैच्छिक काउंसलिंग भी मिलेगी।
शादी से पहले समझेंगे रिश्तों का गणित
शादी के फैसले से पहले युवा यह समझ सकेंगे कि एक रिश्ते को मजबूत बनाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सेंटर में प्रभावी संवाद, एक-दूसरे की अपेक्षाओं को समझने और वैवाहिक जिम्मेदारियों को लेकर स्पष्टता बनाने पर काम किया जाएगा।
इसका मकसद युवाओं को शादी और निजी जीवन से जुड़े फैसले जल्दबाजी के बजाय समझदारी से लेने में मदद करना है। रिश्तों में मतभेद होने पर उन्हें बातचीत के जरिए सुलझाने के तरीके भी बताए जाएंगे।
'तेरे मेरे सपने' नाम से शुरू हुआ सेंटर
कमला नेहरू कॉलेज में शुरू किए गए इस सेंटर का नाम 'तेरे मेरे सपने' रखा गया है। नेशनल कमीशन फॉर वुमेन (एनसीडब्ल्यू) की मेंटरशिप में शुरू हुए इस सेंटर का उद्घाटन आयोग की चेयरपर्सन विजया के रहाटकर ने किया।
यह देशभर में स्थापित किए जा रहे ऐसे केंद्रों में 300वां सेंटर है। उद्घाटन के दौरान कॉलेज के विद्यार्थी, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारी मौजूद रहे।
शिक्षकों को दी गई ट्रेनिंग, काउंसलर भी जुड़ेंगे
कॉलेज की प्राचार्य प्रो. पवित्रा भारद्वाज ने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों और शिक्षकों को लाभ मिलेगा। साथ ही, कॉलेज की पहुंच आसपास के समुदायों तक भी बढ़ेगी।
सेंटर के संचालन के लिए चार से पांच शिक्षकों को एनसीडब्ल्यू की ओर से प्रशिक्षण दिया गया है। कॉलेज प्रशिक्षित मनोवैज्ञानिकों, काउंसलरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी इससे जोड़ने की योजना बना रहा है।
कैंपस से बाहर भी चलेगा जागरूकता अभियान
इस पहल को सिर्फ कॉलेज परिसर तक सीमित नहीं रखा जाएगा। कॉलेज के शिक्षक और विद्यार्थी स्वयंसेवक आसपास के इलाकों में जागरूकता अभियान चलाएंगे। इसके जरिए लोगों को सेंटर की सेवाओं और रिश्तों में बेहतर संवाद की जरूरत के बारे में जानकारी दी जाएगी।