विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU में चुनावी बिगुल, 4 फरवरी को EC और AC की 28 सीटों पर होगा शिक्षकों का महामुकाबला

Published: Sun, 22 Nov 2026 11:22 AM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय में 4 फरवरी 2027 को कार्यकारी परिषद और अकादमिक परिषद के लिए 28 शिक्षक प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। 

दिल्ली विश्वविद्यालय। फाइल फोटो - जागरण

दिल्ली विश्वविद्यालय। फाइल फोटो - जागरण

HighLights

  1. डीयू में 4 फरवरी 2027 को शिक्षक प्रतिनिधियों का चुनाव।

  2. कार्यकारी और अकादमिक परिषद की 28 सीटों पर होगा मुकाबला।

  3. चुने गए प्रतिनिधि विश्वविद्यालय की नीतियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में अब शिक्षकों के बीच प्रतिनिधित्व की लड़ाई विश्वविद्यालय की नीतियों और फैसलों तक पहुंचने वाली है।

4 फरवरी 2027 को होने वाले कार्यकारी परिषद (ईसी) और अकादमिक परिषद (एसी) के चुनाव में 28 शिक्षक प्रतिनिधि चुने जाएंगे। इन प्रतिनिधियों की भूमिका केवल शिक्षकों के मुद्दे उठाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विश्वविद्यालय के प्रशासनिक ढांचे, अकादमिक नीतियों, पाठ्यक्रम और शैक्षणिक व्यवस्था से जुड़े फैसलों में भी महत्वपूर्ण होगी।

वहीं, ऐसे में चुनाव को शिक्षक संगठनों के बीच प्रभाव और प्रतिनिधित्व की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।

अकादमिक परिषद की 26 सीटों पर नजर

इस चुनाव में सबसे अधिक नजर अकादमिक परिषद की 26 सीटों पर रहेगी। इसकी वजह यहां अलग-अलग वर्गों को दिया गया प्रतिनिधित्व है। विश्वविद्यालय ने कम से कम चार विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त व्यक्तियों, चार महिला शिक्षकों, मेडिकल साइंस फैकल्टी से एक शिक्षक और गैर-मेडिकल फैकल्टी के प्रोफेशनल कोर्स संचालित करने वाले विभागों से एक शिक्षक का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया है। इससे चुनाव में महिला शिक्षकों और विशेष संकायों की भूमिका भी अहम हो जाएगी।

दो प्रतिनिधियों का होगा चुनाव 

वहीं, कार्यकारी परिषद में दो प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। इसके लिए प्रोफेशनल जूनियर और उससे ऊपर के रैंक के शिक्षक और लाइब्रेरी स्टाफ के कर्मचारी पात्र होंगे। हालांकि, फैकल्टी के डीन, कालेजों के प्रिंसिपल और प्राक्टर इस चुनाव के दायरे से बाहर रहेंगे।

विश्वविद्यालय ने चुनाव संबंधी अधिसूचना जारी की है। दोनों निकायों की जिम्मेदारियां अलग-अलग हैं। एग्जीक्यूटिव काउंसिल प्रशासनिक और नीतिगत निर्णयों में अहम भूमिका निभाती है, जबकि अकादमिक परिषद शैक्षणिक फैसलों की प्रमुख संस्था है।

ऐसे में इन चुनावों में जीत हासिल करने वाले प्रतिनिधियों के जरिए शिक्षक विश्वविद्यालय के फैसलों में अपनी भागीदारी मजबूत कर सकेंगे। खास तौर पर नई शिक्षा नीति, पाठ्यक्रम में बदलाव, परीक्षा व्यवस्था और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों पर इनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

यह भी पढ़ें- दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों को बड़ी राहत, परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ी; क्या है नई तारीख?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।