सिलेबस बताकर छात्रा को भेजा अश्लील PDF, DU के प्रोफेसर के खिलाफ जांच शुरू; कॉलेज ने फोर्स लीव पर भेजा
दिल्ली विश्वविद्यालय के सत्यवती कॉलेज में एक छात्रा ने एसोसिएट प्रोफेसर पर फोन पर परेशान करने और अश्लील दस्तावेज भेजने ...और पढ़ें

दिल्ली विश्वविद्यालय के दो काॅलेजाें में यौन उत्पीड़न की शिकायतें। फोटो: आर्काइव
HighLights
सत्यवती कॉलेज के प्रोफेसर पर छात्रा ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया।
आरोपी शिक्षक को छुट्टी पर भेजा गया, आंतरिक समिति कर रही जांच।
एनसीवेब में भी एडहॉक शिक्षक पर छेड़छाड़ का मामला सामने आया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के कॉलेज में शिक्षकों के खिलाफ यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार की शिकायतों का सिलसिला सामने आने से शैक्षणिक परिसर में हलचल तेज हो गई है।
दौलत राम कॉलेज के बाद अब सत्यवती कॉलेज के एक एसोसिएट प्रोफेसर पर छात्रा ने यौन उत्पीड़न और अभद्र व्यवहार के आरोप लगाए हैं। शिकायत के बाद कॉलेज प्रशासन ने संबंधित शिक्षक को छुट्टी पर भेज दिया है। मामले की जांच कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति (आईसीसी) कर रही है।
फोन पर परेशान करने का आरोप
छात्रा ने दो नवंबर को कॉलेज प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि एसोसिएट प्रोफेसर फोन पर उसे परेशान करते थे। इतना ही नहीं, उन्होंने एक अश्लील पीडीएफ दस्तावेज भी भेजा था और उसे पाठ्यक्रम का हिस्सा बताया था।
शिकायत में छात्रा ने शिक्षक के व्यवहार को अनुचित बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
जांच रिपोर्ट के बाद होगा एक्शन
सत्यवती कॉलेज के प्राचार्य सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि मामला आईसीसी के पास है और जांच प्रक्रिया चल रही है। संबंधित शिक्षक पिछले महीने से छुट्टी पर हैं। समिति ने पिछले सप्ताह बैठक भी की थी।
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद उसे कॉलेज की गवर्निंग बॉडी और फिर विश्वविद्यालय को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। हालांकि, आरोपी शिक्षक ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वह आईसीसी के सामने अपना जवाब दे चुके हैं और पिछले सप्ताह से कॉलेज जाकर पढ़ा रहे हैं।
कुछ महीने पहले सत्यवती कॉलेज में ही यौन उत्पीड़न के आरोपों में दो शिक्षकों को निलंबित किया गया था। लगातार सामने आ रहे मामलों ने छात्राओं की सुरक्षा और कॉलेज की शिकायत निवारण व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एनसीवेब में भी सामने आया मामला
डीयू के नॉन कॉलेजिएट वुमेंस एजुकेशन बोर्ड (एनसीवेब) में भी एक छात्रा ने एडहाॅक शिक्षक के खिलाफ छेड़छाड़, यौन उत्पीड़न और जबरदस्ती करने की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत 19 अक्टूबर को की गई थी। इसके बाद संबंधित शिक्षक को एनसीवेब की कक्षाएं लेने से हटा दिया गया है। शिक्षक ने भी आरोपों से इनकार किया है।
यह भी पढ़ें- ब्लाइंड लोगों की मुश्किल होगी आसान, नहीं चाहिए होगी मदद; IIIT दिल्ली बना रहा खास 'पाथसेंस' टेक्नोलॉजी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।