DU में बदलेंगे एडमिशन के नियम, 12वीं के विषयों से होगा UG में दाखिला; PG की सीटों में 10% की बढ़ोतरी
दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से स्नातक और स्नातकोत्तर दाखिले की व्यवस्था में बड़े बदलाव किए जाने की तैयारी है।

दिल्ली विश्वविद्यालय में पीजी की सीटों में बढ़ोतरी की गई। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
पीजी पाठ्यक्रमों में 10 प्रतिशत सीटें बढ़ाई जाएंगी।
यूजी दाखिले में सीयूईटी के सभी 37 विषय समान महत्व।
नई दाखिला व्यवस्था 2027-28 सत्र से लागू होगी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र 2027-28 से स्नातक और स्नातकोत्तर दाखिले की व्यवस्था में बड़े बदलाव की तैयारी है।
विश्वविद्यालय ने एक ओर स्नातक दाखिले में सीयूईटी के सभी 37 विषयों को समान महत्व देने का फैसला किया है, वहीं दूसरी ओर दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में सीटें 10 प्रतिशत तक बढ़ाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
पीजी के छात्रों को डीयू में पढ़ने का अवसर
इससे पीजी में दाखिले के इच्छुक विद्यार्थियों को अतिरिक्त अवसर मिल सकेंगे। दाखिले की नई व्यवस्था को अकादमिक काउंसिल ने स्वीकृति दे दी है। अब कार्यकारी परिषद की मंजूरी के बाद इसे लागू किया जाएगा।
यूजी में दाखिला का बदला नियम
नई व्यवस्था के तहत यूजी दाखिले में विद्यार्थियों को उन्हीं विषयों में सीयूईटी देनी होगी, जिन्हें उन्होंने 12वीं कक्षा में पढ़ा और पास किया है। अभी तक सीयूईटी के विषयों को तीन श्रेणियों में बांटकर दाखिला प्रक्रिया अपनाई जाती थी। इनमें 14 भाषाएं, 22 डोमेन स्पेसिफिक विषय और जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट (जीएटी) शामिल थे।
अब सभी 37 विषयों को समान महत्व मिलेगा। इसके अलावा कई पाठ्यक्रमों में जीएटी के अंक नहीं जोड़े जाएंगे। हालांकि बीकॉम, बीएमएस, बीबीए-एफआइए, बीबीई और बीएफए जैसे पाठ्यक्रमों में जीएटी को एक विषय के रूप में चुनने का विकल्प रहेगा। अलग-अलग पाठ्यक्रमों में सीयूईटी अंकों के आधार पर मेरिट तैयार होगी।
पीजी में 25 फीसदी सीटों पर एक साल का पाठ्यक्रम
पीजी दाखिले में भी सीटों का नया फार्मूला लागू करने की तैयारी है। इसके तहत कुल उपलब्ध सीटों में 25 प्रतिशत सीटें एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों और 75 प्रतिशत सीटें दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों के लिए निर्धारित होंगी। दो वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों में सीटों का बंटवारा पहले की तरह रहेगा।
इसमें 50 प्रतिशत सीटें विभागों और 50 प्रतिशत कॉलेजों को आवंटित होंगी। हालांकि एक वर्षीय पीजी पाठ्यक्रमों की सीटें केवल विश्वविद्यालय के विभागों में उपलब्ध होंगी, कॉलेजों में नहीं। सभी सीटों पर केंद्र सरकार की आरक्षण नीति लागू होगी।
अकादमिक काउंसिल सदस्य डॉ. रामकिशोर यादव के अनुसार, स्थायी समिति की यूजी और पीजी दाखिले से संबंधित सिफारिशों को मंजूरी दी गई है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, नूंह से दबोचा गया अंतरराज्यीय ATM लुटेरा राहुल खान; 5 वारदातों में था वॉन्टेड
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।