दिल्ली पुलिस की बड़ी कामयाबी, नूंह से दबोचा गया अंतरराज्यीय ATM लुटेरा राहुल खान; 5 वारदातों में था वॉन्टेड
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय एटीएम लुटेरे राहुल खान को नूंह से गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली, शिलांग और गुवाहाटी में एटीएम लूट के पांच मामलों में वांछित था और दिल्ली के दो मामलों में भगोड़ा घोषित था।

दिल्ली पुलिस तीन राज्यों में एटीएम लूट करने वाले को दबोचा। फोटो: सांकेतिक
HighLights
राहुल खान को नूंह से दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार किया।
वह दिल्ली, शिलांग, गुवाहाटी में पांच एटीएम लूट में वांछित था।
मेघालय पुलिस पर हमला कर हिरासत से भागा था आरोपी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय एटीएम लुटेरे राहुल खान को नूंह से गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली के दो मामलों में भगोड़ा घोषित था और दिल्ली, शिलांग व गुवाहाटी में हुई एटीएम लूट की पांच वारदातों में वांछित चल रहा था।
दिल्ली के दो मामलों में था भगोड़ा घोषित
डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदौरा के मुताबिक राहुल खान, मेवात जिले की फिरोजपुर झिरका तहसील स्थित बाजितपुर गांव का रहने वाला है। डाबरी में 2020 में 19.10 लाख की एटीएम लूट मामले में द्वारका कोर्ट ने 11 सितंबर 2025 को राहुल खान को भगोड़ा घोषित किया था।
द्वारका नार्थ के भी 2020 के आर्म्स एक्ट के मामले में द्वारका कोर्ट ने बीते पांच अगस्त को इसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। इसके आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह शिलांग और गुवाहाटी में हुई एटीएम लूट की तीन अन्य वारदातों तथा स्पेशल सेल के आर्म्स एक्ट के एक मामले में भी वांछित था।
मार्च में मेघालय पुलिस पर हुआ था हमला
नूंह-मेवात के संवेदनशील इलाके से इस अपराधी को पकड़ना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। इससे पहले बीते मार्च में जब मेघालय पुलिस की टीम राहुल खान को पकड़ने नूंह-मेवात पहुंची थी, तो आरोपी के समर्थकों की उग्र भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था और उसे पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया था।
उस समय आत्मरक्षा और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को कई राउंड फायरिंग करनी पड़ी थी, जिसमें एक हमलावर को गोली लगी थी।
तीन महीने तक रखी गतिविधियों पर नजर
पिछली घटना को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने इस बार गोपनीय तरीके से काम किया। एसीपी राज पाल डबास व इंस्पेक्टर गौतम मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीन महीने तक तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों के जरिए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।
पता चला कि वह बेहद सतर्क रहता है और बहुत कम समय के लिए ही अपने घर आता है।
तमाम प्रयास के बाद आखिरकार 26 नवंबर को पुख्ता सूचना के आधार पर बिना किसी अप्रिय घटना के राहुल खान को सुरक्षित दबोच लिया गया। इसके पिता दिहाड़ी मजदूर हैं।
कई साल पहले राहुल अपराधियों के संपर्क में आया और देखते ही देखते संगठित तरीके से एटीएम काटने और लूटने वाले अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल हो गया।
दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की सूचना पूर्वोत्तर राज्यों (मेघालय और असम) की पुलिस को दे दी है ताकि अन्य मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें- दुनिया में बढ़ते संघर्षों पर मोहन भागवत ने कही बड़ी बात, बोले- केवल ताकत या समृद्धि से नहीं मिलेगी शांति
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।