विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पढ़ाई छोड़ने वालों की भी अब पूरी होगी डिग्री; DU के रेगुलर, SOL और NCWEB के छात्रों के लिए सुनहरा मौका

Published: Wed, 18 Nov 2026 10:29 PM (IST)

दिल्ली विश्वविद्यालय ने उन पूर्व छात्रों को डिग्री पूरी करने का विशेष अवसर दिया है जिनकी पढ़ाई बीच में छूट ...और पढ़ें

Delhi university
Delhi university

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में वर्षों पहले स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने के बावजूद डिग्री पूरी नहीं कर पाने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है।

पढ़ाई बीच में छूट जाने या तय समय सीमा में सभी पेपर पास नहीं कर पाने के कारण डिग्री से वंचित रह गए पूर्व विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय ने एक बार फिर परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया है।

खास बात यह है कि इस विशेष अवसर का लाभ वर्ष 2012 से दाखिला लेने वाले पुराने विद्यार्थी भी उठा सकेंगे। इसके तहत नियमित कॉलेज के अलावा नान-कॉलेजएट महिला शिक्षा बोर्ड (एनसीवेब) और स्कूल आफ ओपन लर्निंग (एसओएल) के विद्यार्थी भी पात्र होंगे।

2012 से दाखिला लेने वाले विद्यार्थी भी पात्र

विश्वविद्यालय के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को अपनी अधूरी शैक्षणिक योग्यता पूरी करने का अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित स्पैन पीरियड में डिग्री पूरी नहीं कर पाए थे।

नियमों के मुताबिक, वर्ष 2012 से 2019 के बीच स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिला लेने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे। वहीं, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में वर्ष 2012 से 2020 के बीच दाखिला लेने वाले पूर्व विद्यार्थी इस सुविधा के पात्र होंगे।

एक चरण में होंगी परीक्षाएं

विशेष चांस के तहत विद्यार्थियों को केवल थ्योरी पेपर की परीक्षा देने की अनुमति होगी। परीक्षाएं डीयू की नियमित परीक्षाएं समाप्त होने के बाद एक ही चरण में आयोजित की जाएंगी।

इसके लिए विश्वविद्यालय अलग से विस्तृत डेटशीट जारी करेगा। आवेदन करते समय विद्यार्थियों को ऑनलाइन परीक्षा फॉर्म में फ्रेश न्यू स्टूडेंट विकल्प का चयन करना होगा।

आवेदन की अंतिम तिथि 24 फरवरी 2027 रात 11:59 बजे तक है। संबंधित कॉलेज, विभाग और केंद्रों को 26 फरवरी तक आवेदनों का सत्यापन करना होगा।

विशेष परीक्षा में शामिल होने के लिए विद्यार्थियों को प्रत्येक थ्योरी पेपर के लिए तीन हजार रुपये शुल्क देना होगा। जमा किया गया शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

फॉर्म के सत्यापन के बाद ही विद्यार्थियों का प्रोविजनल एडमिट कार्ड जारी होगा। विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आवेदन फॉर्म की प्रिंट कॉपीसुरक्षित रखने और परीक्षा से संबंधित अपडेट के लिए डीयू की परीक्षा वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली के 13 रेलवे स्टेशनों का बदलने वाला है पूरा लुक, 8,976 करोड़ से मिलेंगी एयरपोर्ट जैसी फैसिलिटी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।