कौन हैं रानी माहेश्वरी, जो पति की याद में DU के छात्रों को देंगी 1 लाख रुपए; शुरू की स्कॉलरशिप स्कीम
दिल्ली विश्वविद्यालय ने बी.कॉम (ऑनर्स) छात्रों के लिए प्रोफेसर जी.सी. माहेश्वरी की याद में एक नई छात्रवृत्ति योजना शुरू की है। इस योजना के तहत छात्रों को हर साल 1.02 लाख रुपये मिलेंगे।

दिल्ली यूनिवर्सिटी। फाइल फोटो
HighLights
डीयू ने बी.कॉम (ऑनर्स) छात्रों के लिए नई छात्रवृत्ति शुरू की।
प्रोफेसर जी.सी. माहेश्वरी की याद में रानी माहेश्वरी ने दान दिया।
पात्र छात्रों को सालाना 1.02 लाख रुपये तक की सहायता मिलेगी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अगर आप दिल्ली यूनिवर्सिटी में B.Com (Hons) की पढ़ाई कर रहे हैं, तो आपके लिए एक बहुत अच्छी खबर है। डीयू ने अपने होनहार और जरूरतमंद छात्रों के लिए एक नई स्कॉलरशिप स्कीम निकाली है। इस स्कीम के तहत चुने गए छात्रों को हर साल 1.02 लाख रुपये तक की छात्रवृत्ति मिलेगी।
यह स्कॉलरशिप दिवंगत प्रोफेसर जी.सी. माहेश्वरी की याद में शुरू की गई है। उनकी पत्नी रानी माहेश्वरी ने इसके लिए 21 लाख रुपये का दान दिया है। इस प्रस्ताव को वाइस चांसलर की ओर से मंजूरी भी मिल गई है।
कितने साल तक, कितनी रकम मिलेगी?
स्कीम का नाम प्रोफेसर जी.सी. माहेश्वरी एनुअल मेमोरियल स्कॉलरशिप रखा गया है।
शुरुआती 11 साल यानी 2026 से 2036 तक हर चयनित छात्र को सालाना 51,000 रुपये दिए जाएंगे। इसके बाद 2037 से 2046 तक यह रकम बढ़कर 1.02 लाख रुपये प्रति छात्र हो जाएगी।
इतना ही नहीं, इस फंड से कॉमर्स विभाग हर साल एक मेमोरियल लेक्चर भी कराएगा। इसके लिए पहले 11 साल तक हर साल 25,000 रुपये और बाद के 10 साल तक हर साल 50,000 रुपये का अलग बजट रखा गया है।
कौन कर सकता है आवेदन?
यह छात्रवृत्ति सिर्फ डीयू के कॉलेजों में पढ़ रहे रेगुलर B.Com (Hons) छात्रों के लिए है। हालांकि, आवेदन के लिए कुछ शर्तें भी रखी गई हैं।
- पिछले सेमेस्टर में कम से कम 6.5 CGPA होना चाहिए।
- अटेंडेंस कम से कम 75% होनी चाहिए।
- परिवार की सालाना आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। शैक्षणिक वर्ष 2025-26 के लिए यही सीमा लागू होगी। इसके बाद हर साल आय सीमा में 25,000 रुपये की बढ़ोतरी होगी।
- जिन छात्रों पर चीटिंग, फर्जीवाड़ा या अनुशासनात्मक कार्रवाई का कोई मामला है, वे आवेदन नहीं कर सकेंगे।
- जो छात्र पहले से किसी और स्कॉलरशिप या फेलोशिप का फायदा ले रहे हैं, वे भी पात्र नहीं होंगे। हालांकि, फीस में छूट पाने वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन का तरीका क्या होगा?
DU की ओर से तय प्रक्रिया के तहत ही आवेदन मांगे जाएंगे। कॉलेज छात्रों तक यह जानकारी पहुंचाएंगे। इसके बाद कॉलेज ही छात्रों के नंबर, अटेंडेंस, अनुशासन और आय के कागजों की जांच करेंगे और आवेदन यूनिवर्सिटी को भेजेंगे।
आखिरी फैसला तीन सदस्यों की कमेटी लेगी। इसमें कॉमर्स विभाग के हेड और डीन, डीन छात्र कल्याण और यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली फाउंडेशन के सीईओ शामिल होंगे। ये पुरस्कार सालाना मेमोरियल लेक्चर के दौरान दिए जाएंगे।
बता दें, रानी माहेश्वरी इससे पहले डीटीयू में भी बड़ा डोनेशन दे चुकी हैं। वह प्रोजेक्ट एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड में पर्सोनल ऑफिसर रह चुकी हैं और दिल्ली में रहकर सामाजिक कामों से जुड़ी हुई हैं।
यह भी पढ़ें- दिव्यांग पेंशन आवेदन प्रक्रिया हुई सरल, आगरा में अब एक सप्ताह में मिलेगी स्वीकृति
यह भी पढ़ें- DU देगा होनहार छात्रों को 1.2 लाख की सालाना छात्रवृत्ति, जानें किन स्टूडेंट्स को मिलेगा स्कॉलरशिप का लाभ
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।