Delhi-एनसीआर की ऊंची इमारतों की हवा से बिजली बनाने की तैयारी, DTU बना रहा खास विंड टरबाइन तकनीक
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ऊंची इमारतों पर वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन लगाकर हवा से बिजली बनाने की तकनीक विकसित कर रहा है।
-1795443057827_m.webp)
दिल्ली-एनसीआर की ऊंची इमारतों पर आने वाली हवा से बिजली बनाने की तैयारी। फोटो-एआई
HighLights
डीटीयू ऊंची इमारतों पर विंड टरबाइन लगाकर बिजली उत्पादन करेगा।
यह तकनीक इमारतों की बिजली की आंशिक जरूरतें पूरी करेगी।
शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का नया विकल्प बनेगा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर की ऊंची इमारतें आने वाले समय में केवल रहने और कामकाज के लिए ही नहीं, बल्कि बिजली उत्पादन का जरिया भी बन सकती हैं। दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ऐसी तकनीक विकसित कर रहा है, जिसके तहत हाईराइज इमारतों पर वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन लगाकर हवा से बिजली पैदा की जा सकेगी।
इससे इमारतों में बिजली की जरूरत का कुछ हिस्सा खुद पूरा करने में मदद मिलेगी। साथ ही, ऊर्जा उत्पादन के लिए छतों पर सोलर पैनल लगाने की निर्भरता भी कम हो सकेगी।
ऊंची इमारतों में बिजली उत्पादन की बेहतर संभावना
डीटीयू के सिविल इंजीनियरिंग विभाग में डॉ. रितु राज के मुताबिक, इस तकनीक के लिए कम से कम 10 से 20 मंजिल ऊंची इमारतें उपयुक्त होंगी। जमीन से ऊंचाई बढ़ने के साथ हवा की गति में भी बदलाव आता है।
दिल्ली-एनसीआर में 10 से 20 मीटर की ऊंचाई पर हवा की औसत गति 1.5 से 3.5 मीटर प्रति सेकेंड रहती है, जबकि गर्मियों में यह चार से छह मीटर प्रति सेकेंड तक पहुंच जाती है। वहीं, 50 से 120 मीटर की ऊंचाई पर इमारतों की बनावट के कारण हवा की गति बढ़ने से बिजली उत्पादन की संभावनाएं बेहतर हो जाती हैं।
अगले साल तक आ सकता है परिणाम
डॉ. रितु राज ने कहा कि वर्टिकल एक्सिस विंड टरबाइन से बिजली उत्पादन के लिए छह से आठ मीटर प्रति सेकेंड की हवा की गति जरूरी है। इस तकनीक पर शोध जारी है और करीब 60 से 70 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अगले साल तक इसके परिणाम आने की उम्मीद है।
तकनीक के तहत हवा की ऊर्जा से टरबाइन घूमेगी। इसकी गति गियर ट्रेन के माध्यम से वाउंड रोटर इंडक्शन जनरेटर तक पहुंचेगी। जनरेटर यांत्रिक ऊर्जा को बिजली में बदलेगा।
इसके बाद कन्वर्टर की मदद से बिजली को नियंत्रित कर इमारत में इस्तेमाल करने और ग्रिड तक पहुंचाने की व्यवस्था होगी। यह तकनीक शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन का एक नया विकल्प बन सकती है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में चाकूबाजी, 5 पुलिसवाले घायल; फरार हमलावर मुठभेड़ के बाद चितली कब्र से गिरफ्तार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।