दिल्ली में बिना मंजूरी नहीं चलेंगी डेयरी और गौशालाएं, DPCC ने 15 दिन में आवेदन करने का दिया आदेश
दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने दिल्ली की डेयरियों और गौशालाओं के लिए नियम लागू किए हैं। उन्हें 15 दिनों के भीतर स्थापना और संचालन की मंजूरी लेनी होगी। साथ ही प्रदूषण के आधार पर श्रेणियां भी निर्धारित की गई हैं।

दिल्ली में गौशालाएं और डेयरी चलाने के लिए लेनी होगी मंजूरी। फोटो- जागरण आर्काइव
HighLights
DPCC ने दिल्ली की डेयरियों पर सख्ती बढ़ाई है।
15 दिन में स्थापना, संचालन की मंजूरी लेना अनिवार्य।
प्रदूषण स्तर के आधार पर डेयरियों की श्रेणियां तय।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की डेयरियों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सख्ती बढ़ा दी है, अब बिना मंजूरी के डेयरियों का संचालन नहीं होगा। इसे लेकर डेयरी फार्म और गौशालाओं के प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने सार्वजनिक सूचना जारी की है।
इसके तहत सभी डेयरी फार्म और गौशालाओं को नोटिस जारी होने के 15 दिन के भीतर स्थापना की सहमति (सीटीई) और संचालन की सहमति (सीटीओ) के लिए आवेदन करना होगा। नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई होगी।
पर्यावरण प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश जारी
डीपीसीसी की ओर से जारी सूचना के अनुसार, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के 20 मई 2020 के आदेश के अनुपालन में केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने डेयरी फार्म और गोशालाओं के पर्यावरण प्रबंधन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे।
इसी आधार पर 10 जुलाई 2020 को डेयरी फार्म और गौशालाओं को प्रदूषण के स्तर के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में बांटा गया है।
गौशालाओं का प्रदूषण सूचकांक
इसके तहत गौशालाओं को 41.5 प्रदूषण सूचकांक के साथ ग्रीन श्रेणी में रखा गया है। वहीं, 15 से 100 पशुओं वाली डेयरी को 73 प्रदूषण सूचकांक के साथ ऑरेंज श्रेणी में शामिल किया गया है। 101 से 500 पशुओं वाली डेयरी का प्रदूषण सूचकांक 77.5 है और इसे भी ऑरेंज श्रेणी में रखा गया है।
वहीं, 500 से अधिक पशुओं वाली डेयरी को 82 प्रदूषण सूचकांक के साथ रेड श्रेणी में रखा गया है। डीपीसीसी ने स्पष्ट किया है कि सभी संचालकों को अपनी गतिविधियों और श्रेणी के अनुसार निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
दिल्ली में 11 डेयरी कॉलोनियां
दिल्ली में गाय-भैंस पालन और दूध कारोबार से जुड़ी डेयरियों की कोई एक आधिकारिक संख्या उपलब्ध नहीं है। हालांकि, विभिन्न सर्वे और कारोबारी सूचियों के अनुसार राजधानी में करीब 11 मान्यता प्राप्त डेयरी कॉलोनियां हैं। इनमें भलस्वा, गाजीपुर, घोघा, गोयला, ककरोला, नांगली सकरावती, शाहबाद डेयरी, मदनपुर खादर, झरोदा, घरौली और मसूदपुर शामिल हैं।
एमसीडी के सर्वे में मदनपुर खादर में 206, भलस्वा में 188 और घोघा में 139 डेयरियां सामने आई थीं। वहीं, कारोबारी सूचियों में दिल्ली के 340 से 385 डेयरी फार्म दर्ज हैं। एमसीडी की ओर से समय-समय पर सर्वे, निरीक्षण और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।