दिल्ली एयरपोर्ट को बदनाम करने की साजिश? 63 सोशल मीडिया अकाउंट हैंडलर्स पर DIAL ने दर्ज कराई FIR
डायल (DIAL) ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर भारी जलभराव और उड़ान बाधित होने के भ्रामक वीडियो फैलाने वाले 63 सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ FIR दर्ज कराई है।

डायल ने दिल्ली पुलिस में 63 ऐसे सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
DIAL ने 63 सोशल मीडिया हैंडल पर FIR दर्ज की।
एयरपोर्ट पर जलभराव के भ्रामक वीडियो फैलाए गए।
दुबई एयरपोर्ट के पुराने वीडियो को दिल्ली का बताया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट के ऑपरेटर डायल (DIAL - Delhi International Airport Ltd) ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और तथ्यहीन वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। डायल ने दिल्ली पुलिस में 63 ऐसे सोशल मीडिया हैंडल के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है, जिन्होंने एयरपोर्ट पर भारी जलभराव और उड़ानों के बाधित होने को लेकर झूठे दावे किए थे।
क्या था पूरा मामला?
हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में हुई भारी बारिश के दौरान एयरपोर्ट के टर्मिनल 3 के अराइवल फोरकोर्ट में कुछ समय के लिए पानी जमा हो गया था। हालांकि, एयरपोर्ट ऑपरेटर ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए महज 20 मिनट के भीतर पानी की निकासी कर दी थी। डायल ने स्पष्ट किया था कि इस दौरान एयरपोर्ट का विमान संचालन पूरी तरह सामान्य रहा और किसी भी उड़ान पर कोई असर नहीं पड़ा था।
दुबई एयरपोर्ट का पुराना वीडियो किया शेयर
डायल के अनुसार, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स और हैंडल्स ने एयरपोर्ट की छवि को धूमिल करने और जनता के बीच अनावश्यक दहशत फैलाने के लिए पुरानी या अन्य जगहों की वीडियो क्लिप्स का इस्तेमाल किया। इनमें से एक पोस्ट में दुबई एयरपोर्ट के पुराने जलभराव के वीडियो को दिल्ली एयरपोर्ट का बताकर गलत तरीके से वायरल किया गया था।
सार्वजनिक उपक्रम की छवि की धूमिल
एयरपोर्ट ऑपरेटर का कहना है कि इस तरह की भ्रामक सामग्री साझा करना एक सोची-समझी साजिश थी, जिसका उद्देश्य जनता के बीच भ्रम फैलाना और एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाना था। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है ताकि भविष्य में इस तरह की गैर-जिम्मेदार हरकतों पर लगाम लगाई जा सके।
