विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DU के सभी कॉलेजों और कैंपस में लग सकते हैं EV चार्जिंग स्टेशन? EC सदस्य ने कुलगुरु को लिखा पत्र

Published: Thu, 12 Nov 2026 05:36 PM (IST)

डीयू कार्यकारी परिषद सदस्य सुनील शर्मा ने कुलगुरु को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय परिसरों और संबद्ध कॉलेजों में इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की मांग की है।

डीयू के परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की कवायद। फोटो: आर्काइव

डीयू के परिसर में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने की कवायद। फोटो: आर्काइव

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के परिसरों और सभी संबद्ध कॉलेजों में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की मांग उठी है।

डीयू की कार्यकारी परिषद के सदस्य सुनील शर्मा ने इस संबंध में कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह को पत्र लिखकर विश्वविद्यालय के नॉर्थ और साउथ कैंपस के साथ-साथ केंद्रीय प्रशासनिक परिसर और सभी कॉलेजों में व्यवस्थित ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की अपील की है।

20 हजार से अधिक छात्र करते हैं ईवी का इस्तेमाल

11 नवंबर को लिखे पत्र में सुनील शर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल समय की जरूरत बन गया है।

विश्वविद्यालय में बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, शोधार्थी और विद्यार्थी इलेक्ट्रिक दोपहिया व चारपहिया वाहनों की ओर रुख कर रहे हैं।

डीयू में 70 से अधिक कॉलेजों में कुल करीब 1200 शिक्षक व 1100 से अधिक गैर शिक्षण कर्मचारी और छह लाख से अधिक छात्र पढ़ाई करते हैं। इनमें से कुल 20 हजार से अधिक छात्र ईवी वाहन का प्रयोग करते हैं।

कैंपस में पर्याप्त और सुलभ चार्जिंग सुविधाएं नहीं होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। चार्जिंग स्टेशन की कमी और रास्ते में बैटरी खत्म होने की आशंका (रेंज एंग्जायटी) भी ईवी के इस्तेमाल में बाधा बन रही है।

लंबे समय तक पार्किंग वाले स्थानों पर बनें स्टेशन

उन्होंने पत्र में सुझाव दिया कि विश्वविद्यालय परिसर में ऐसे स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएं, जहां वाहन लंबे समय तक खड़े रहते हैं। आमतौर पर शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी अपने वाहन छह से आठ घंटे तक परिसर में पार्क करते हैं।

ऐसे में इस समय का इस्तेमाल वाहनों को चार्ज करने के लिए किया जा सकता है। इससे विश्वविद्यालय में चार्जिंग की एक व्यवस्थित व्यवस्था विकसित होगी।

कार्बन उत्सर्जन में आएगी कमी

सुनील शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक मोबिलिटी मिशन, दिल्ली इलेक्ट्रिक वाहन नीति और राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत टिकाऊ विकास की भावना के अनुरूप यह पहल महत्वपूर्ण होगी।

इससे विश्वविद्यालय समुदाय के वाहनों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और एनसीआर में वायु प्रदूषण से निपटने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कुलगुरु से प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार कर जल्द प्रशासनिक कार्रवाई करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- ब्लाइंड लोगों की मुश्किल होगी आसान, नहीं चाहिए होगी मदद; IIIT दिल्ली बना रहा खास 'पाथसेंस' टेक्नोलॉजी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।