यमुनापार में कई दिन से आ रहा गंदा, बदबूदार और काला पानी; लोगों को सता रहा बीमारी का डर
यमुनापार के कई इलाकों में घरों के नलों से काला, बदबूदार और गंदा पानी आ रहा है। इसकी वजह से लोगों को बीमारी का डर सताने लगा है।

घर के नल से आता गंदा पानी। फोटो-जागरण
HighLights
घरों में नलों से काला, बदबूदार पानी आ रहा।
निवासी बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर, आर्थिक बोझ।
दूषित पानी से स्वास्थ्य खराब, स्थायी समाधान नहीं।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। घरों के नलों से पानी की जगह काला, बदबूदार और गंदा पानी निकल रहा है। इसे पीना तो दूर, घरेलू कामों में इस्तेमाल करना भी मुश्किल हो गया है। यमुनापार के कई इलाकों में बीते कई दिनों से लोग इस समस्या से जूझ रहे हैं।
हर्ष विहार में करीब एक महीने से दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। वेस्ट ज्योति नगर, सीलमपुर, गोकलपुरी, सुंदर नगरी, मंडावली, विनोद नगर, यमुना विहार, लक्ष्मी नगर, विवेक विहार और करावल नगर में भी लोगों ने ऐसी ही शिकायतें की हैं।
नहीं मिल रहा समस्या का समाधान
हालात यह हैं कि परिवारों को पीने के पानी के लिए बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जबकि कई बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है।
हर्ष विहार निवासी ने बताया कि नलों से आने वाले पानी में इतनी गंदगी और बदबू है कि उसका इस्तेमाल पीने और खाना बनाने में करना मुश्किल हो गया है। लोगों को मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है। इससे परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।
पानी के इस्तेमाल से बिगड़ी तबीयत
कुछ लोगों का कहना है कि दूषित पानी के इस्तेमाल के बाद परिवार के सदस्यों की तबीयत भी खराब हुई है। लोगों का आरोप है कि कई बार दिल्ली जल बोर्ड में शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। उन्हें आशंका है कि सीवर और पेयजल की पाइपलाइन में गड़बड़ी के कारण पानी दूषित होकर घरों तक पहुंच रहा है।
स्थानीय निवासियों ने पाइपलाइनों की जांच, सफाई और जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। जल बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही लाइनों की जांच करवाकर समस्या का समाधान करवाया जाएगा।
करीब एक महीने से घर में गंदा पानी आ रहा है। कई बार शिकायत के बावजूद समस्या दूर नहीं हुई। पानी इस्तेमाल करने लायक नहीं है। परिवार के कुछ सदस्यों की तबीयत भी खराब हुई है। अब पीने और खाना बनाने के लिए बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है।
- ईशा, सुंदर नगरी
गोकलपुरी निवासी राजू ने बताया कि नलों से आने वाला पानी काला और बदबूदार है। मजबूरी में बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है या आसपास के लोगों से पानी मांगकर काम चलाना पड़ता है। इससे हर महीने अतिरिक्त खर्च बढ़ रहा है।- राजू, गोकलपुरी
यह भी पढ़ें- दिल्ली के पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान, यमुना क्रूज के बाद लाइट एंड साउंड शो का आगाज; CM रेखा गुप्ता ने किया उद्घाटन
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।