विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली सरकार का 'मिशन कायाकल्प' शुरू, गवर्मेंट स्कूल बनेंगे स्मार्ट और छात्र-अनुकूल

Published: Mon, 06 Jul 2026 01:55 AM (IST)Updated: Mon, 06 Jul 2026 04:20 AM (IST)

दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए 'मिशन कायाकल्प' शुरू किया है। ...और पढ़ें

मिशन कायाकल्प से बदल रही सरकारी स्कूलों की तस्वीर। (AI Generated Image)

मिशन कायाकल्प से बदल रही सरकारी स्कूलों की तस्वीर। (AI Generated Image)

HighLights

  1. सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण और मरम्मत।

  2. विज्ञान प्रयोगशालाओं का उन्नयन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था।

  3. विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को आधुनिक और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए मिशन कायाकल्प की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत स्कूल भवनों की मरम्मत, रंगाई पुताई के साथ साथ, विज्ञान प्रयोगशालाओं का आधुनिकीकरण, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था और शौचालयों का नवीनीकरण किया जा रहा है।

हरित परिसर विकसित करने और विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सुविधाएं बढ़ाने जैसे कार्य भी इस योजना में शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार का उद्देश्य सरकारी स्कूलों को केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि स्वच्छ, सुरक्षित, आधुनिक और प्रेरणादायक शिक्षण परिसर के रूप में विकसित करना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मिशन कायाकल्प को जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर), सामाजिक संगठनों, बाजार संघों और स्थानीय समुदायों के सहयोग से लागू किया जा रहा है।

लगातार मजबूत हो रहा स्कूलों का आधारभूत ढांचा

उन्होंने कहा कि जनभागीदारी के कारण स्कूलों के विकास कार्यों में तेजी आई है और कई स्कूलों में बदलाव अब साफ दिखाई देने लगा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भविष्य में भी सरकारी स्कूलों के आधारभूत ढांचे को लगातार मजबूत करती रहेगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण और बेहतर शिक्षण वातावरण मिल सके।

सरकार के अनुसार उत्तर, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर-पूर्व और बाहरी उत्तर जिलों के कई सरकारी स्कूलों में कार्य पूरे हो चुके हैं या तेजी से चल रहे हैं। उत्तर जिले के कुछ स्कूलों में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए सेंसरी पार्क का नवीनीकरण, आरओ प्लांट, वाटर कूलर और आधुनिक भौतिकी प्रयोगशाला तैयार की गई है।

वहीं महरौली और कुतुब महरौली क्षेत्र के स्कूलों में शौचालय, छत और क्षतिग्रस्त प्लास्टर की मरम्मत, भवनों की पुताई, वाटर कूलर लगाने और पौधारोपण का काम किया गया है।

स्कूलों में चल रहा काम

पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन और जनकपुरी के स्कूलों में छतों की मरम्मत, वाटरप्रूफिंग, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीवर लाइन सुधार, विद्युत कार्य और बेहतर पेयजल सुविधाओं पर काम चल रहा है।

गोकलपुर और शाहदरा के स्कूलों में शौचालयों का नवीनीकरण, भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई, वाटर कूलर, पौधारोपण और पुस्तकालय सुविधाओं को बेहतर बनाया गया है।

यह भी पढ़ें- यूपी के सरकारी स्कूल में ड्रेस के लिए मिलेगा पैसा, लखीमपुर के 3.71 लाख छात्रों के खाते में भेजी जाएगी धनराशि

यह भी पढ़ें- सरकारी स्कूलों में बेटियां पढ़ेंगी कानून का पाठ, जन्मदिन पर काटा जाएगा केक; जारी हुआ मीना मंच का कैलेंडर