विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में भी होगी पुरी जैसी भव्य रथयात्रा, महिलाएं खींचेंगी देवी सुभद्रा का 14 फीट ऊंचा रथ 'देबदलन'

Published: Tue, 14 Jul 2026 09:10 PM (IST)

दिल्ली के त्यागराज नगर में 16 जुलाई को 59वीं भव्य जगन्नाथ रथयात्रा आयोजित होगी, जिसमें पुरी की तर्ज पर तीन ...और पढ़ें

आईएनए में त्यागराज स्टेडियम के पास जगन्नाथ यात्रा के लिए तैयार किया गया रथ। जागरण

आईएनए में त्यागराज स्टेडियम के पास जगन्नाथ यात्रा के लिए तैयार किया गया रथ। जागरण

HighLights

  1. 16 जुलाई को दिल्ली में 59वीं जगन्नाथ रथयात्रा।

  2. देवी सुभद्रा का 'देबदलन' रथ महिलाएं खींचेंगी।

  3. पुरी की तर्ज पर तीन भव्य रथों का निर्माण।

शशि ठाकु़र, नई दिल्ली। दिल्ली में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को लेकर विभिन्न मंदिरों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं और भक्तों में उत्साह का माहौल है। इस कड़ी में दिल्ली के त्यागराज नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर सोसाइटी द्वारा आगामी 16 जुलाई को महाप्रभु की 59 वीं भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष पहली बार पुरी की तर्ज पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र और देवी सुभद्रा के लिए तीन अलग-अलग भव्य रथों का निर्माण किया गया है।

देवी सुभद्रा का 14 फीट ऊंचा रथ बनेगा 'देबदलन'

इस वर्ष का मुख्य आकर्षण देवी सुभद्रा का 14 फीट ऊंचा रथ 'देबदलन' होगा, जिसे केवल महिला श्रद्धालुओं द्वारा खींचा जाएगा। यह रथ महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बनेगा। इसके साथ ही भगवान जगन्नाथ का 18 फीट ऊंचा और भाई बलभद्र का 16 फीट ऊंचा रथ भी श्रद्धालुओं के विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा।

ओडिशा से विशेष लकड़ी मंगवाई गई

इस भव्य यात्रा को पारंपरिक और जीवंत बनाने के लिए ओडिशा से विशेष लकड़ी मंगवाई गई है और पुरी के 50 से 70 कुशल कारीगर पिछले तीन महीनों से दिन-रात तैयारी में जुटे हुए हैं।

इन कारीगरों ने मंदिर परिसर से लगभग तीन-चार किलोमीटर दूर एक भव्य अस्थाई मंदिर का भी निर्माण किया है।

उत्सव में शंखनाद और घंटनाद करने के लिए ओडिशा के पारंपरिक कलाकार भी दिल्ली पहुंच चुके हैं। रथयात्रा के दौरान दिल्ली की यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए सड़क पर एक समर्पित काॅरिडोर बनाया गया है।

puri-rathyatra-in-delhi1

आईएनए में त्यागराज स्टेडियम के पास जगन्नाथ यात्रा के लिए तैयार किया गया कृत्रिम मंदिर।जागरण

तारीखों पर दें ध्यान...

  • 16 जुलाई को यह महापर्व नेत्र उत्सव और भव्य रथयात्रा के साथ शुरू होगा।
  • 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा (उल्टा रथ) का आयोजन होगा।
  • 25 जुलाई को सुनाबेश (स्वर्ण रूप) का दिन तय किया गया है।
  • 27 जुलाई को नीलाद्रि बिजे के साथ संपूर्ण पूजा विधिवत संपन्न होगी।

एक नजर निर्धारित समय पर

  • मुख्य आयोजन के साथ ही कमला नगर स्थित गीता भवन और करोल बाग स्थित सेंट्रल कोर्ट यार्ड में सीपीडब्ल्यूडी क्वार्टर से भी भव्य रथ यात्राएं निकाली जाएंगी।
  • मुख्य कार्यक्रम के तहत 16 जुलाई की सुबह 10.30 बजे पवित्र 'पहंडी बीजे' अनुष्ठान के तहत भगवान के विग्रहों को गर्भगृह से लाकर त्यागराज स्टेडियम के सामने 'बड़ा दांड' पर खड़े रथों पर विराजमान किया जाएगा।
  • दोपहर तीन बजे से रथ खींचना शुरू होगा और पूरे दिन अखंड भंडारे का आयोजन किया जाएगा। रथ आईएनए मार्केट और सफदरजंग होते हुए वापस मंदिर पहुंचेगा।

कौन-कौन रहेगा उपस्थित

इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई दिग्गज और ओलीवुड अभिनेता कुना त्रिपाठी शामिल होंगे। समारोह की सुरक्षा को चाक-चौबंद रखने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ 100 विशेष गार्ड, 50 बाउंसर्स और 300 स्वयंसेवक मुस्तैद रहेंगे।

यह भी पढ़ें- दिल्ली बनेगी शंघाई जैसी? हाईराइज बिल्डिंग्स को मिली हरी झंडी, जानिए क्या है नई TOD और FAR पॉलिसी

यह भी पढ़ें- दिल्ली में अब अभिभावक घर बैठे कर सकेंगे बच्चों की निगरानी, MCD स्कूलों के मेधावी छात्रों की सूची भी होगी ऑनलाइन