दिल्ली में बढ़ी ई-बसों की संख्या, NCR से अप-डाउन करने वाले यात्रियों को मिलेगी राहत; प्रदूषण पर भी लगेगी लगाम
दिल्ली के बस बेड़े में 100 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की गईं, जिससे कुल संख्या 7,088 हो गई है, जिनमें 5,338 इलेक्ट्रिक बसें हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कश्मीरी गेट से इन्हें हरी झंडी दिखाई है।
-1795188555990_m.webp)
दिल्ली में 100 नई इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी। फोटो-जागरण आर्काइव
HighLights
100 नई इलेक्ट्रिक बसें दिल्ली बेड़े में शामिल हुईं।
कुल बस बेड़ा 7,088 हुआ, 5,338 इलेक्ट्रिक बसें।
आनंद विहार से हापुड़ के लिए अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था का विस्तार करते हुए शुक्रवार को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें बेड़े में शामिल की गईं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन बसों को कश्मीरी गेट आइएसबीटी से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इसके साथ ही दिल्ली के कुल बस बेड़े की संख्या बढ़कर 7,088 हो गई है।
इनमें 5,338 इलेक्ट्रिक और 1,750 सीएनजी बसें हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आनंद विहार आइएसबीटी से उत्तर प्रदेश के हापुड़ के बीच अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवा का भी शुभारंभ किया।
आसपास के शहरों को परिवहन से जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को केवल शहर की सीमाओं तक सीमित नहीं रखा जा सकता। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग एनसीआर और पड़ोसी राज्यों से रोजगार, शिक्षा और कारोबार के सिलसिले में दिल्ली आते हैं।
ऐसे में सरकार का प्रयास है कि दिल्ली को आसपास के शहरों से बेहतर सार्वजनिक परिवहन के माध्यम से जोड़ा जाए, ताकि लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर न रहना पड़े। इससे यातायात जाम और प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।
नई बसों की खासियत?
नई शामिल की गईं 100 बसों में 50 बसें नौ मीटर और 50 बसें 12 मीटर लंबाई की हैं। सभी बसें वातानुकूलित और शून्य उत्सर्जन वाली हैं। इनमें सीसीटीवी कैमरे, आपातकालीन बटन, वास्तविक समय में बसों की स्थिति बताने वाली व्यवस्था और दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं उपलब्ध हैं।
हापुड़ के लिए हर 20 मिनट में मिलेगी बस
आनंद विहार से हापुड़ के बीच 12 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। दोनों दिशाओं में हर 20 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध होगी। यह सेवा गाजियाबाद, मोहन नगर, पुराने और नए बस अड्डे, हापुड़ चुंगी, डासना, मसूरी और पिलखुवा सहित प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। इसका किराया 124 रुपये निर्धारित किया गया है।
बसों की संख्या 14 हजार पहुंचाने का लक्ष्य
परिवहन मंत्री डा पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली में बसों की संख्या वर्ष 2028-29 तक बढ़ाकर 14 हजार करने का लक्ष्य है। इससे पहले पानीपत और करनाल के लिए भी अंतरराज्यीय इलेक्ट्रिक बस सेवाएं शुरू की जा चुकी हैं। सरकार का लक्ष्य सार्वजनिक परिवहन को लोगों की पहली पसंद बनाना है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।