दिल्ली-NCR में मौसम ने ली करवट, बारिश के साथ कई इलाकों में पड़े ओले
शुक्रवार शाम दिल्ली-एनसीआर और आसपास के इलाकों में अचानक मौसम बदल गया। पलवल, गुरुग्राम और रेवाड़ी में बारिश के साथ ...और पढ़ें
-1775227914703_m.webp)
दिल्ली और एनसीआर के इलाकों में बारिश के साथ-साथ पड़े ओले।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने ली करवट।
पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी में बारिश के साथ गिरे ओले।
ओलावृष्टि से गेहूं की तैयार फसल को भारी नुकसान हुआ।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में शुक्रवार शाम अचानक मौसम ने करवट ले ली। दिन में तेज धूप निकली लेकिन बाद में धीरे-धीरे मौसम खराब हो गया। पलवल, गुरुग्राम और रेवाड़ी में बारिश के साथ-साथ ओले पड़े। नोएडा में तेज हवाएं चल रही हैं। वहीं दिल्ली के कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई।
रेवाड़ी में दिनभर मौसम साफ रहने के बाद करीब सात बजे आसमान में घने बादल छा गए और देखते ही देखते तेज वर्षा शुरू हो गई। रेवाड़ी शहर के अलावा बावल व धारूहेड़ा के कई इलाकों में वर्षा के साथ मामूली ओलावृष्टि भी दर्ज की गई, जिससे मौसम एकदम से ठंडा हो गया। साथ ही गेहूं की फसल को भी नुकसान हुआ है।
ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान
ओलावृष्टि के कारण खासतौर पर किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। इस समय गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। साथ ही काफी किसानों ने फसल काट कर खेत में भी रखी हुई थी। तेज वर्षा की वजह से फसल गिर गई। दानों को भी नुकसान पहुंचा है। किसानों ने बताया कि कुछ ही सेकेंड की ओलावृष्टि ने उनकी कई महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया।

गुरुग्राम में शुरू हुई बारिश
गुरुग्राम में भी अचानक बारिश शुरू हो गई। इससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली। इस कारण ट्रैफिक जाम की समस्या भी उत्पन्न हुई। यहां काफी देर तक हल्की-हल्की बारिश होती रही।
फरीदाबाद में बारिश से गेहूं को नुकसान
फरीदाबाद में हुई ओलावृष्टि से फसलों खासतौर पर गेहूं में काफी नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से बाली का दाना जमीन पर खिंड गया और बाल भी टूटी हैं। सही नुकसान का आंकलन तीन बाद ही लगाया जा सकता है। अन्नदाता फसल को लेकर बहुत ही चिंतित दिखाई दे रहे हैं।
मौसम पिछले 20 दिन से लगातार खराब चल रहा है। अब तक वर्षा हो रही थी, लेकिन ओलावृष्टि नहीं हुई थी। वर्षा से गेहूं की फसल का दाना काला पड़ गया और पतला भी हो गया। किसान गेहूं की फसल को जैसे-तैसे काट कर मंडी ला रहा था। शुक्रवार की शाम को अचानक वर्षा के साथ ओलावृृष्टि हो गई।
