विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में प्रदूषण फैलाने वालों पर शिकंजा, 15 दिन में 150 जगह जांच; 25 DG सेट सील करने की तैयारी

Published: Wed, 16 Sep 2026 01:55 AM (IST)

सर्दियों से पहले दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण रोकने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की टास्क फोर्स ने 15 दिन ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. वायु गुणवत्ता आयोग ने 15 दिन में 150 प्रदूषण जांच की।

  2. 29 प्रोजेक्ट-इकाइयों पर कार्रवाई, कुछ बंद होंगी, डीजी सेट सील।

  3. औद्योगिक इकाइयों, डीजी सेट और निर्माण स्थलों पर कार्रवाई तेज।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सर्दियों से पहले दिल्ली एवं एनसीआर में प्रदूषण फैलाने वाले स्रोतों पर कार्रवाई तेज कर दी गई है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की एनफोर्समेंट टास्क फोर्स (ईटीएफ) ने 24 अगस्त से सात सितंबर के बीच 15 दिनों में 150 निरीक्षण किए।

इनमें 98 औद्योगिक इकाइयों, 45 डीजल जनरेटर (डीजी) सेट और सात निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (सीएंडडी) स्थलों की जांच शामिल है।

मंगलवार को हुई ईटीएफ की 139वीं बैठक में जांच के आधार पर कार्रवाई की समीक्षा की गई। उल्लंघन पाए जाने पर तीन सीएंडडी परियोजनाओं और एक औद्योगिक इकाई को बंद करने, जबकि सीएंडडी, औद्योगिक और अन्य इकाइयों में लगे 25 डीजी सेट सील करने का प्रस्ताव है। दो औद्योगिक मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति लगाने की भी सिफारिश की गई है।

हरियाणा के नूंह में विशेष अभियान के दौरान 35 परिसरों की जांच हुई। इनमें 13 नियमों के अनुरूप मिले, जबकि सात बंद पाए गए, जिनकी दोबारा जांच होगी। एक डीजी सेट सील करने और छह मामलों में पर्यावरण क्षतिपूर्ति की कार्रवाई प्रस्तावित है।

एनसीआर में अब तक 28,547 जांच

सीएक्यूएम की फ्लाइंग स्क्वाड अब तक एनसीआर में 28,547 इकाइयों, परियोजनाओं और संस्थानों का निरीक्षण कर चुकी हैं। इनमें 1,829 को बंद करने के निर्देश दिए गए, जबकि अनुपालन की पुष्टि के बाद 1,479 को दोबारा संचालन की अनुमति दी गई है।

224 मामले अभी दोबारा संचालन की अनुमति के लिए जांच में हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में प्रदूषण पर बड़ा वार: अब एक फॉर्मूला नहीं, हॉटस्पॉट के हिसाब से बनेगी स्पेशल एक्शन प्लान

यह भी पढ़ें- औद्योगिक प्रदूषण पर झारखंड हाई कोर्ट का बड़ा फैसला, फैक्ट्रियों की साल में दो बार होगी जांच