विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-NCR में 'फैमिली' ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़; 2.25 किलो हेरोइन, दो थार और पांच मोबाइल समेत 6 गिरफ्तार

Published: Sun, 15 Nov 2026 04:08 PM (IST)

दिल्ली-एनसीआर में परिवार द्वारा संचालित हेरोइन तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है। क्राइम ब्रांच की एएनटीएफ ने इस मामले से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली-एनसीआर में परिवार का हेरोइन तस्करी नेटवर्क ध्वस्त।

  2. क्राइम ब्रांच की एएनटीएफ ने छह आरोपी पकड़े।

  3. 2.25 किलो हेरोइन, नकदी और वाहन जब्त।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली समेत एनसीआर में परिवार के सदस्यों के जरिए हेरोइन की तस्करी और सप्लाई का नेटवर्क चलाया जा रहा था। क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने इस नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

इस गिरोह में पति-पत्नी और पति का भाई भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 2 किलो 250 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा 73,400 रुपये नकद, दो महिंद्रा थार, दो मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और पांच मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। खास बात यह है कि एएनटीएफ के नए अधिसूचित थाने में दर्ज यह पहली एफआइआर है।

पुलिस को मिली थी सूचना

पुलिस के मुताबिक, थाना 10 सितंबर से काम कर रहा है और 11 सितंबर को इसमें इस मामले की पहली एफआइआर दर्ज की गई थी। क्राइम ब्रांच के उपायुक्त गौरव गुप्ता के मुताबिक, 11 सितंबर की सुबह सूचना मिली थी कि रोहित दिवाकर अपनी पत्नी के साथ हेरोइन की सप्लाई करने सिग्नेचर ब्रिज से खजूरी खास की तरफ जाने वाला है।

पुलिस टीम ने वजीराबाद रोड पर यू-टर्न के पास घेराबंदी कर रोहित, उसकी पत्नी और भाई विशाल को दो मोटरसाइकिलों के साथ पकड़ लिया। तलाशी में विशाल के बैग से दो किलो छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

शालीमार गार्डन में फ्लैट के अंदर मिला हेरोइन

जांच में सामने आया कि आरोपितों को हेरोइन की खेप गाजियाबाद के अफरोज अली को देनी थी। पुलिस ने 15 सितंबर को उसे उत्तराखंड के रुड़की स्थित एक गेस्ट हाउस से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर शालीमार गार्डन स्थित फ्लैट से 104 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

बाथरूम में छिपाकर रखा था हेरोइन

इसके बाद 25 सितंबर को पुलिस ने ख्याला के चिराग को बुराड़ी से गिरफ्तार किया। उसके घर के पास बाथरूम में छिपाकर रखी गई 140 ग्राम हेरोइन और 37,400 रुपये मिले। जांच में पता चला कि चिराग पहले भी दो एनडीपीएस मामलों में आरोपित रहा है। पत्नी की बीमारी के आधार पर अंतरिम जमानत पर बाहर आने के बाद वह दोबारा नशे के कारोबार में शामिल हो गया था।

वहीं, 10 नवंबर को गाजियाबाद के शालीमार गार्डन एक्सटेंशन से छठे आरोपित गौरव को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 36 हजार रुपये और एक थार बरामद हुई। पूछताछ में उसने बताया कि वह अफरोज से हेरोइन लेकर गाजियाबाद के नंदग्राम में छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था।

पहले से दर्ज ड्रग्स तस्करी के मामलों से जुड़े हैं तार

पुलिस जांच में इस नेटवर्क के तार पहले से दर्ज अन्य ड्रग तस्करी के मामलों से भी जुड़े मिले हैं। अफरोज के परिवार के कई सदस्य भी नशा तस्करी के मामलों में आरोपित हैं। गिरफ्तार महिला की मां और बहन भी एक अन्य एनडीपीएस मामले में आरोपित हैं। पुलिस अब नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लाई चेन और तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें- 19 से 21 नवंबर तक दिल्ली में कहां और कब होंगे विश्व विरासत सप्ताह के कार्यक्रम? देखें पूरा शेड्यूल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।