छठ पर घर जाने वालों को बड़ी राहत, दिल्ली-बिहार के बीच 77 बसें शुरू; किराये में 1028 रुपये तक की छूट
दिल्ली और बिहार सरकार ने छठ पूजा के लिए 77 विशेष बसें शुरू की हैं, जिनमें यात्रियों को 1,028 रुपये ...और पढ़ें

दिल्ली से बिहार के लिए 77 बसें शुरू। फोटो: आर्काइव
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। छठ पूजा पर बिहार जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने संयुक्त रूप से 77 बसों का संचालन शुरू किया है।
शुरुआती चरण में बिहार के पांच डिवीजनों मुजफ्फरपुर, पटना, पूर्णिया, गया और दरभंगा के लिए बसें चलाई जा रही हैं। यात्रियों को त्योहार के मद्देनजर बस श्रेणी और मार्ग के अनुसार 134 से 1,028 रुपये तक के किराये में छूट मिलेगी।
मुजफ्फरपुर के लिए सबसे अधिक 36 बसें
इनमें मुजफ्फरपुर के लिए सर्वाधिक 36 बसें, पटना के लिए 13, पूर्णिया के लिए 12, गया के लिए 10 और दरभंगा के लिए छह बसें शामिल हैं। नॉन एसी सीटर, नॉन एसी स्लीपर, एसी सीटर और एसी स्लीपर श्रेणियों में सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
उदाहरण के तौर पर पटना-दिल्ली मार्ग पर नॉन एसी सीटर का किराया 1,615 से घटाकर 1,221 रुपये और एसी सीटर का किराया 1,980 से घटाकर 1,361 रुपये किया गया है।
यात्रियों को सुरक्षित और किफायती सफर
परिवहन मंत्री डा. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि छठ के दौरान दिल्ली में रहने वाले बिहार के लाखों लोगों को सुरक्षित और किफायती यात्रा उपलब्ध कराना इस पहल का उद्देश्य है।
बस सेवाओं की नियमित समीक्षा होगी और यात्रियों की मांग के अनुसार इनका विस्तार किया जाएगा।
18 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस संचालन की योजना
इसके अलावा दिल्ली और बिहार के बीच प्रस्तावित पारस्परिक परिवहन समझौते के तहत 18 अंतरराज्यीय मार्गों पर बस संचालन की योजना है। इनमें पटना, गया, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज समेत प्रमुख शहर शामिल हैं।
प्रस्तावित समझौते में दोनों राज्यों के लिए प्रत्येक मार्ग पर 12-12 परमिट का प्रावधान है। बसों में जीपीएस आधारित वाहन लोकेशन ट्रैकिंग और आपातकालीन बटन अनिवार्य होंगे।
यह भी पढ़ें- छठ पर यात्रियों को रेलवे का तोहफा, दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुई पहली 'अमृत भारत 3.0' ट्रेन; क्या है खासियत?