दिल्ली में यमुना किनारे बनेगा वर्ल्ड क्लास रिवरफ्रंट, पल्ला से कालिंदी कुंज तक 2 चरणों में बदलेगी तस्वीर
दिल्ली सरकार यमुना नदी को साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकसित करने जा रही है, जिसके लिए साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट ...और पढ़ें

साबरमती की तर्ज पर बनेगा यमुना रिवरफ्रंट। फोटो: एआई जनरेटेड
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजधानी में यमुना को स्वच्छ और अविरल बनाने के साथ ही उसके किनारों को साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
दिल्ली सरकार ने इसके लिए साबरमती रिवरफ्रंट डेवलपमेंट कॉरपाेरेशन के साथ समझौता करने का निर्णय लिया है।
इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है और जल्द ही समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। दो चरणों में इसका निर्माण कार्य किया जाएगा।
साबरमती की तर्ज पर विकसित होगा रिवरफ्रंट
विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने यमुना के किनारों को साबरमती की तर्ज पर विकसित करने का वादा किया था। अब इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
हाल ही में जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने दिल्ली जल बोर्ड और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों के साथ साबरमती रिवरफ्रंट का दौरा किया था।
वर्मा के अनुसार, साबरमती परियोजना की सर्वोत्तम प्रथाओं को दिल्ली की स्थानीय आवश्यकता के अनुरूप अपनाया जाएगा। परियोजना के मार्गदर्शन के लिए सलाहकार भी नियुक्त किए जा रहे हैं।
दो चरणों में होगा निर्माण कार्य
परियोजना का पहला चरण पल्ला से वजीराबाद तक और दूसरा चरण वजीराबाद से कालिंदी कुंज (ओखला बैराज) तक होगा। सरकार की योजना अपने मौजूदा कार्यकाल में ही रिवरफ्रंट को जनता के लिए उपलब्ध कराने की है।
इसका उद्देश्य यमुना किनारे स्वच्छ, हरित और विश्वस्तरीय सार्वजनिक स्थल विकसित करना है, जहां लोग योग, सुबह की सैर और मनोरंजन के लिए पहुंच सकें।
रिवरफ्रंट पर होंगी ये सुविधाएं
- साइकिल ट्रैक और पैदल पथ
- खेल के मैदान
- मनोरंजन स्थल
- खुले सार्वजनिक स्थान
यह भी पढ़ें- दिल्ली में विंटर एक्शन प्लान का एलान, बाहरी राज्यों से आने वाले BS-VI से नीचे के वाहनों की एंट्री पर लगेगा बैन
