विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली की यमुना को संवारने का प्लान तैयार, 20 नवंबर को बांसेरा में जुटेंगे एक्सपर्ट्स; DDA तैयार करेगा रिपोर्ट

Published: Fri, 13 Nov 2026 08:18 AM (IST)

दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) 20 नवंबर को बांसेरा में 'यमुना संवाद' आयोजित करेगा, जिसका उद्देश्य यमुना के कायाकल्प के लिए ...और पढ़ें

यमुना को संवारने का प्लान तैयार। (फोटो- जेएनएन)

यमुना को संवारने का प्लान तैयार। (फोटो- जेएनएन)

HighLights

  1. DDA 20 नवंबर को यमुना कायाकल्प पर 'यमुना संवाद' आयोजित करेगा।

  2. संवाद की सिफारिशें 'दिल्ली यमुना रिपोर्ट' में शामिल की जाएंगी।

  3. यमुना बाढ़ क्षेत्र में 1700 हेक्टेयर से अधिक पुनर्स्थापन कार्य जारी।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। यमुना के कायाकल्प की योजनाओं को अब ठोस कार्ययोजना और जवाबदेही के ढांचे में ढालने की तैयारी है। इसके लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) 20 नवंबर को बांसेरा में ''यमुना संवाद'' आयोजित करेगा।

एलजी तरनजीत सिंह संधू इस एक दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। इसमें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञों, सरकारी एजेंसियों, वैज्ञानिक संस्थानों, शहरी योजनाकारों और सिविल सोसायटी के प्रतिनिधियों के बीच यमुना के पुनरुद्धार पर मंथन होगा। चर्चा का केंद्र दिल्ली में यमुना का 52 किमी लंबा शहरी हिस्सा और उसका बाढ़ क्षेत्र रहेगा।

इस संवाद का उद्देश्य यमुना को केवल नदी के रूप में नहीं, बल्कि उससे जुड़े बाढ़ क्षेत्र, आर्द्रभूमियों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के साथ विकसित करने की रणनीति तैयार करना है।

डीडीए के अनुसार, इसके लिए छह विषयों पर अलग-अलग सत्र होंगे। इनमें नदी प्रबंधन की व्यवस्था, बाढ़ क्षेत्र की योजना और पारिस्थितिकीय उपाय, जल गुणवत्ता एवं जल निकासी, घाटों का विकास और नदी से लोगों का जुड़ाव, सतत वित्तपोषण तथा नई तकनीक और अनुसंधान शामिल हैं।

1700 हेक्टेयर क्षेत्र में पुनर्स्थापन का दावा

डीडीए के मुताबिक, यमुना के बाढ़ क्षेत्रों में 1700 हेक्टेयर से अधिक जमीन पर सक्रिय पुनर्स्थापन कार्य किया जा रहा है। अब तक 35 आर्द्रभूमियों को पुनर्जीवित करने और सात लाख से अधिक देशज वृक्ष लगाने का दावा किया गया है।

इसके अलावा करीब 88 हजार मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट हटाया गया है। डीडीए के अनुसार, असिता में पक्षियों की दर्ज प्रजातियों की संख्या 63 से बढ़कर करीब 200 हो गई है।

सिफारिशों से तैयार होगी रिपोर्ट

संवाद के छह सत्रों से निकलने वाली सिफारिशों को प्रस्तावित ''दिल्ली यमुना रिपोर्ट'' में शामिल किया जाएगा। इसमें प्राथमिकता वाले कार्यों, संबंधित संस्थाओं की जिम्मेदारियों, संभावित साझेदारियों और क्रियान्वयन की रूपरेखा तय करने का प्रयास होगा।

वहीं, कार्यक्रम का आयोजन स्थल बांसेरा भी पुनर्स्थापन का उदाहरण है। कभी निर्माण अपशिष्ट डालने के लिए इस्तेमाल होने वाली इस जमीन को डीडीए ने बांस उद्यान और सार्वजनिक हरित स्थल के रूप में विकसित किया है। प्राधिकरण के अनुसार, अब तक करीब पांच लाख लोग यहां आ चुके हैं।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में वजीराबाद पुल के पास यमुना में मरीं सैकड़ों मछलियां, क्रूज सेवा शुरू होने के 2 दिन बाद मचा हड़कंप

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।