दिल्ली में वजीराबाद पुल के पास यमुना में मरीं सैकड़ों मछलियां, क्रूज सेवा शुरू होने के 2 दिन बाद मचा हड़कंप
सोनिया विहार में वजीराबाद पुल के पास यमुना नदी में सैकड़ों मछलियां मृत पाई गईं, जिससे पानी की गुणवत्ता पर ...और पढ़ें

पानी में मरी मछलियां दिखने से मचा हड़कंप
HighLights
मछलियां मृत मिलने से यमुना के पानी की गुणवत्ता पर सवाल।
आप ने दूषित पानी छोड़ने का आरोप लगाया, जांच की मांग।
जल मंत्री ने इसे छठ पर्व से पहले की साजिश बताया।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। सोनिया विहार में वजीराबाद पुल के पास यमुना नदी में मछलियां मृत मिलने का मामला सामने आया है। मछलियों के मृत अवस्था में नदी में पड़े होने का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
वीडियो में कई मछलियां पानी में मृत दिखाई दे रही हैं। इस घटना के बाद यमुना के पानी की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि दो दिन पहले ही इसी क्षेत्र में यमुना में इलेक्ट्रिक क्रूज सेवा की शुरुआत की गई है। ऐसे में मछलियों की मौत का मामला सामने आने से नदी के पानी की स्थिति पर चर्चा शुरू हो गई है।
आप ने लगाया ये आरोप
आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता महेश आर्या ने वीडियो बनाकर आरोप लगाया है कि यमुना में मछलियों की मौत के पीछे दूषित पानी छोड़ा जाना वजह हो सकता है। उनका आरोप है कि हर साल हथिनीकुंड बैराज से यमुना में पानी छोड़े जाने के दौरान एक चमड़ा फैक्ट्री से भी दूषित पानी नदी में छोड़ा जाता है। इससे बड़ी संख्या में मछलियों की मौत होती है।
उन्होंने इस मामले की जांच कराने और यमुना के पानी के नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराने की मांग की है। हालांकि, मछलियों की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।
मरी मछलियां डालकर माहौल बिगाड़ने की साजिश : प्रवेश वर्मा
प्रदेश सरकार के जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस मामले में आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे साजिश बताते हुए कहा कि अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर मरी हुई मछलियां नदी में डाली हैं।
उनका आरोप है कि छठ पर्व से पहले, जिसे लोग पवित्र पर्व मानते हैं, इस तरह की हरकत करके लोगों की भावनाओं को प्रभावित करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।