इस वीकेंड दिल्ली में फूड लवर्स के लिए डबल ट्रीट, एक तरफ शाही राजस्थानी रसोई तो दूसरी तरफ लाइव म्यूजिक मेला
दिल्ली में इस वीकेंड दो बड़े फूड फेस्टिवल आयोजित हो रहे हैं, जहां देश-विदेश के विविध व्यंजनों का स्वाद चखने को मिलेगा। इन आयोजनों में राजस्थानी शाही पकवानों से लेकर स्ट्रीट फूड, अंतरराष्ट्रीय व्यंजन, लाइव म्यूजिक और शॉपिंग का भी आनंद लिया जा सकेगा।

दिल्ली में इस वीकेंड पर सज रही है स्वाद की महफिल। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। वीकेंड आते ही अक्सर मन करता है ना कुछ अच्छा खाने, दोस्तों या परिवार के साथ बाहर समय बिताने और रोजमर्रा की भागदौड़ से थोड़ा ब्रेक लेने का?
ऐसे में अगर एक ही जगह पर देश के अलग-अलग हिस्सों के जायकों के साथ दुनिया भर के व्यंजनों का स्वाद चखने को मिल जाए तो भला इससे बेहतर क्या होगा। दिल्ली में इस वीकेंड खानपान के शौकीनों के लिए ऐसे ही मौके मिलेंगे।
कहीं राजस्थान की पारंपरिक रसोई के मसालेदार पकवान और देसी मिठाइयां स्वाद का आनंद बढ़ाएंगी तो कहीं चटपटे स्ट्रीट फूड से लेकर एशियन, यूरोपियन और मिडिल ईस्टर्न कुजीन तक की दावत सजेगी।
इतना ही नहीं खाने-पीने के साथ लाइव म्यूजिक, शॉपिंग और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद भी उठा सकेंगे। तो तैयार हो जाइए स्वाद के बहाने अपनों के साथ कुछ खुशनुमा पल बिताने और वीकेंड को खास बनाने के लिए।
राजस्थानी जायके में शाही रसोई का स्वाद
राजस्थान के खानपान की पहचान उसके पारंपरिक मसालों, स्थानीय सामग्री और शाही रसोई की समृद्ध विरासत से है। यहां हर व्यंजन का अपना अलग स्वाद और किस्सा है।
कहीं दाल-बाटी-चूरमा की सोंधी खुशबू मन मोहती है तो कहीं मसालों में पकी पारंपरिक सब्जियां स्वाद का नया अनुभव देती हैं। इसी जायकेदार विरासत से रूबरू होने का मौका दे रहा है 'केसरिया राजस्थान-ए फीस्ट ऑफ रॉयल फ्लेवर्स एंड टाइमलेस ट्रेडिशंस' फूड फेस्टिवल।
इसमें राजस्थान के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को खास अंदाज में परोसा जा रहा है। मेन्यू में दाल-बाटी-चूरमा और जोधपुर की प्याज कचौरी खास आकर्षण हैं।
इनके अलावा कैर-सांगरी, सेव-टमाटर की सब्जी, गट्टे का पुलाव जैसे पारंपरिक स्वाद भी चखने को मिलेंगे। कुछ अलग ट्राय करना हो तो जोधपुरी पनीर, पिठोड़ की सब्जी, पापड़ मंगोड़ी की सब्जी और मंगोड़ी का पुलाव जैसे विकल्प आपका दिल ललचाएंगे।
फेस्टिवल की खासियत इसके लाइव काउंटर भी हैं, जहां मेहमानों के सामने दाल-बाटी-चूरमा, भरवां प्याज कचौरी, राजस्थानी चाट, भजिये और पकौड़े तैयार किए जाएंगे।
पारंपरिक खानपान का अनुभव बढ़ाने के लिए बाजरे, ज्वार, मक्के और बेसन की रोटियों के साथ गुड़, सफेद मक्खन और चटनियां भी परोसी जाएंगी।
अब खाने की बात हो और भला मीठा ना हो ऐसा कैसे संभव है। मीठे के शौकीनों के लिए मालपुआ-रबड़ी, घेवर, मोहनथाल, चूरमा लड्डू, बीकानेरी रसगुल्ला और बालूशाही जैसे विकल्प हैं। वहीं लाइव डेजर्ट काउंटर पर केसर-पिस्ता जलेबी के साथ कढ़ाई वाला दूध भी मिलेगा।
- क्या: केसरिया राजस्थान
- कहां: एदेसिया, क्राउन प्लाजा टुडे, ओखला, नई दिल्ली
- कब: 5 दिसंबर तक, शाम 7 से रात 11 बजे
- बुफे: 3,499 रुपये (प्रति व्यक्ति)
स्ट्रीट फूड से लेकर इंटरनेशनल कुजीन तक
एक ही जगह पर अलग-अलग तरह के जायकों का लुत्फ उठाने के साथ संगीत की धुनों पर झूमने और खरीदारी करने का मौका मिले तो दिन अपने आप खास बन जाता है।
ऐसा ही अनुभव मिलेगा इस वीकेंड हॉर्न ओके प्लीज के 17वें संस्करण में। इस बार भी फूड फेस्टिवल में 100 से अधिक फूड ब्रांड हिस्सा लेंगे, जहां पांच हजार से ज्यादा तरह के व्यंजनों के विकल्प मिलेंगे।
भारतीय स्ट्रीट फूड से लेकर एशियन, यूरोपियन, मिडिल ईस्टर्न और फ्यूजन कुजीन तक के स्वाद यहां एक ही जगह पर मिलेंगे। फूड लाइनअप में उमामी वोक, नोडो, टेम्प्डएएफ, स्क्वीजी, श्री नामेश्वरम, प्रिंस चाट, टुंडे कबाबी और डेजर्ट जयपुर जैसे नाम शामिल हैं।
ऐसे में चाट और कबाब के शौकीनों से लेकर नए जायके तलाशने वालों तक, हर किसी के लिए कुछ न कुछ खास होगा।
खाने के साथ संगीत का शौक रखते हैं तो मंच पर अम्मी विर्क, मनिंदर बुट्टर, अफसाना खान, प्रेम ढिल्लों, सोनू ठकराल और किरन बाजवा अपनी प्रस्तुति से समां बांधेंगे।
वहीं, क्विर्क बाजार में 50 से अधिक फैशन और लाइफस्टाइल पॉप-अप स्टॉल पर खरीदारी का मौका मिलेगा। इवेंट के सह-संस्थापक एवं आयोजक दिगंत शर्मा का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य हर साल नए अनुभवों के साथ शहरवासियों को विविधता का जश्न मनाने का मौका देना है। यहां हर उम्र के लोगों के लिए कुछ ना कुछ खास है।
- क्या: हॉर्न ओके प्लीज
- कहां: जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम
- कब: 28 और 29 नवंबर, दोपहर 12 बजे से
- प्रवेश: टिकट स्किलबॉक्स पर 299 रुपये से
यह भी पढ़ें- नाइट लाइफ इन नोएडा @104, यूरोपियन स्टाइल स्ट्रीट और रूफटॉप महफिलों से गुलजार शामें; हौज खास को टक्कर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।